माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय ने जारी किया परीक्षा फार्म भरने का कार्यक्रम

11 मई से 18 मई तक भरे जाएंगे द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म
 
Dbenen
बलरामपुर। माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षिक सत्र 2025-26 के द्वितीय सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा फार्म भरने एवं कोर्स चयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित नियमित एवं स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राएं 11 मई 2026 से 18 मई 2026 तक समर्थ पोर्टल के माध्यम से अपने परीक्षा फार्म एवं कोर्स चयन की प्रक्रिया पूर्ण कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों एवं छात्र-छात्राओं से निर्धारित समयावधि के भीतर परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। परीक्षा फार्म भरने एवं कोर्स चयन से संबंधित जानकारी फ्लोचार्ट के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि परीक्षा फार्म भरते समय परीक्षा शुल्क एवं अन्य देय शुल्क विश्वविद्यालय के समर्थ लॉगिन पर उपलब्ध पेमेंट गेटवे के माध्यम से जमा किए जाएंगे।
साथ ही शुल्क जमा रसीद की सत्यापित प्रति परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में उपलब्ध कराना भी अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से सावधानीपूर्वक सही जानकारी भरने तथा अंतिम तिथि से पूर्व सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने का अनुरोध किया है।

Tags