बलरामपुर में स्पिक मैके और भातखंडे विश्वविद्यालय की पहल: चार दिनों तक गूंजेगा सितार वाद
बलरामपुर, सितम्बर 2025। सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संस्था स्पिक मैके और भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में बलरामपुर जिले में 23 से 26 सितम्बर तक शास्त्रीय संगीत का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सितार वादक पंडित शुभेन्दु राव विभिन्न विद्यालयों में अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
स्पिक मैके देवीपाटन व बस्ती मंडल के ग्रुप कोऑर्डिनेटर लेफ्टिनेंट डॉ. देवेंद्र कुमार चौहान ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में शास्त्रीय संगीत के प्रति रुचि जगाना और उन्हें भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि स्पिक मैके और भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय ने प्रदेशभर में एक अनूठी पहल शुरू की है, जिसके अंतर्गत 500 शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम विद्यालय स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं।
बलरामपुर जिले के 8 विद्यालयों में होंगे आयोजन
कार्यक्रम की पहली श्रृंखला में बलरामपुर जिले के 08 विद्यालयों में सितार वादन का आयोजन होगा। पंडित शुभेन्दु राव अपनी प्रस्तुति के दौरान न केवल सुरों का जादू बिखेरेंगे बल्कि विद्यार्थियों को शास्त्रीय संगीत की महत्ता से भी अवगत कराएंगे।
कार्यक्रम का समय-सारणी इस प्रकार है:
-
23 सितम्बर : सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं डीएवी इंटर कॉलेज
-
24 सितम्बर : कैम्ब्रिज स्कूल तुलसीपुर एवं स्टार वर्ल्ड पब्लिक स्कूल तुलसीपुर
-
25 सितम्बर : सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज बलरामपुर एवं पायनियर पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज
-
26 सितम्बर : कृषक राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरदौरी (श्रीदत्तगंज) एवं कुबेरमती पाण्डेय मेमोरियल इंटर कॉलेज श्रीदत्तगंज
अगले चरण में अन्य जिलों तक विस्तार
डॉ. चौहान ने बताया कि प्रयास रहेगा कि इस पहल को अगले चरण में गोण्डा, श्रावस्ती और बहराइच जिलों के विद्यालयों तक भी पहुँचाया जाए। उन्होंने शैक्षिक संस्थानों से बच्चों के सांस्कृतिक और नैतिक विकास हेतु ऐसे आयोजनों में सक्रिय सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी स्पिक मैके बलरामपुर के सीनियर वॉलेंटियर एवं जॉइंट सेक्रेटरी शिवम चौहान और मोईन खान को सौंपी गई है।

