एमएलके पीजी कॉलेज की छात्रा मधु उपाध्याय ने यूजीसी नेट क्वालीफाई कर बढ़ाया महाविद्यालय व जनपद का गौरव

Madhu Upadhyay, a student of MLK PG College, has brought glory to the college and the district by qualifying the UGC NET exam.
 
एमएलके पीजी कॉलेज की छात्रा मधु उपाध्याय ने यूजीसी नेट क्वालीफाई कर बढ़ाया महाविद्यालय व जनपद का गौरव
बलरामपुर।  एमएलके पीजी कॉलेज की छात्रा मधु उपाध्याय ने शिक्षाशास्त्र विषय में यूजीसी नेट परीक्षा क्वालीफाई कर महाविद्यालय के साथ-साथ पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। मधु की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शिक्षकों, परिजनों और मित्रों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मूल रूप से जनपद सिद्धार्थनगर निवासी सुरेश कुमार उपाध्याय एवं गीता देवी की पुत्री मधु उपाध्याय तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। बचपन से ही मेधावी रही मधु को पढ़ाई-लिखाई में विशेष रुचि रही है। उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा गृह जनपद से पूर्ण करने के बाद वर्ष 2020 में उच्च शिक्षा हेतु एमएलके पीजी कॉलेज, बलरामपुर में प्रवेश लिया।

मधु ने वर्ष 2023 में स्नातक तथा वर्ष 2025 में शिक्षाशास्त्र विषय से परास्नातक की डिग्री प्राप्त की। परास्नातक अध्ययन के दौरान ही उन्होंने यूजीसी नेट परीक्षा में सम्मिलित होने का संकल्प लिया और अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन में नियमित एवं अनुशासित तैयारी शुरू की। उनकी निरंतर मेहनत और लगन रंग लाई और उन्होंने यूजीसी द्वारा आयोजित दिसंबर 2025 की नेट परीक्षा में शिक्षाशास्त्र विषय से सफलता अर्जित की।

मधु का लक्ष्य उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपना भविष्य संवारते हुए भावी पीढ़ी को शिक्षा के प्रति जागरूक और प्रेरित करना है। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय ईश्वर के साथ-साथ निरंतर अभ्यास, माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और मित्रों के विश्वास को दिया है।

मधु की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे. पी. पाण्डेय एवं मुख्य नियंता प्रो. वीणा सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिक्षाशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. डी. के. मौर्य, असिस्टेंट प्रोफेसर लेफ्टिनेंट डॉ. देवेन्द्र कुमार चौहान, डॉ. श्रीनारायण सिंह, डॉ. विशाल गुप्त, प्रियंका गुप्ता सहित अन्य शिक्षकों, परिजनों एवं मित्रों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मधु को शुभकामनाएं दीं।

Tags