एमएलके पीजी कॉलेज में यूजीसी नेट क्वालीफाई करने पर मधु उपाध्याय सम्मानित

शिक्षाशास्त्र विभाग ने आयोजित किया प्रतिभा सम्मान समारोह, प्राचार्य ने विद्यार्थियों को उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का दिया संदेश

 
ftyft

बलरामपुर। एमएलके पीजी कॉलेज, बलरामपुर के शिक्षाशास्त्र विभाग की ओर से बुधवार की देर शाम सेमिनार कक्ष में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षाशास्त्र विषय में यूजीसी नेट क्वालीफाई करने वाली विभाग की पूर्व छात्रा मधु उपाध्याय को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जेपी पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके किया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. पाण्डेय ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान शिक्षा, समाज और युवाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजन केवल मेधावी विद्यार्थियों या कलाकारों को पुरस्कृत करने तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश भी देते हैं। जब विद्यार्थी अपने साथियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित होते देखते हैं, तो उनके भीतर भी आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा पैदा होती है।

शिक्षाशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. दिनेश कुमार मौर्य ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रतिभा सम्मान जैसे समारोह विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हैं और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हैं। विभाग के सहायक आचार्य लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेंद्र कुमार चौहान ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब होनहार विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों को सार्वजनिक मंच पर सराहा जाता है, तो उनमें भविष्य में और बेहतर करने का उत्साह बढ़ता है।कार्यक्रम में मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. स्वदेश भट्ट, शिक्षाशास्त्र के प्रवक्ता डॉ. श्रीनारायण सिंह सहित विभाग के अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Tags