माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज ने मांगी संवेदनशील व अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों की सूची
बोर्ड परीक्षा की सुचिता, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदम
Fri, 30 Jan 2026
डॉ. दिनेश कुमार : माध्यमिक शिक्षा परिषद, क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज के अपर सचिव द्वारा लखनऊ मण्डल के अंतर्गत आने वाले सभी छह जनपदों में वर्ष 2026 की यू०पी० बोर्ड परीक्षाओं के लिए बनाए गए परीक्षा केन्द्रों में चिन्हित संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों की सूची मांगी गई है।
जे०डी० लखनऊ मण्डल कार्यालय के मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि परिषदीय परीक्षाओं के सफल, निष्पक्ष एवं सुचारु संचालन हेतु इन परीक्षा केन्द्रों की सतत एवं बहुस्तरीय निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, इसी उद्देश्य से सूची मांगी गई है।
उन्होंने बताया कि लखनऊ मण्डल के सभी छह जनपदों में जिला विद्यालय निरीक्षकों द्वारा चिन्हित संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा कई स्तरों पर व्यापक निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।
संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मण्डल डॉ. प्रदीप कुमार ने जानकारी दी कि परिषदीय परीक्षाओं की सन्निकटता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए मण्डल के सभी जनपदों—लखनऊ, सीतापुर, उन्नाव, हरदोई, रायबरेली एवं लखीमपुर खीरी—के जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जनपदों से चिन्हित संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों की सूची निर्धारित प्रारूप में शीघ्रातिशीघ्र क्षेत्रीय कार्यालय प्रयागराज को उपलब्ध कराएं।
