कृष्णा भूमि आर्केड द्वारा ‘महा प्लांटेशन ड्राइव 2025’ की घोषणा
श्री बिहार पंचमी पंचवटी महोत्सव के अवसर पर वृंदावन में 140 एकड़ पारिस्थितिक पुनर्स्थापन पहल
Mon, 24 Nov 2025
वृंदावन, नवंबर 2025। इन्फिनिटी ग्रुप की प्रमुख परियोजना कृष्णा भूमि आर्केड ने उत्तर प्रदेश के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा ब्रज तीर्थ विकास परिषद (BTVP) के सहयोग से आगामी श्री बिहार पंचमी पंचवटी महोत्सव (25 नवंबर 2025) के उपलक्ष्य में ‘महा प्लांटेशन ड्राइव 2025’ की आधिकारिक घोषणा की। इस संबंध में आज ऐतिहासिक वैष्णव बैठक स्थल पर एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी साझा की।
140 एकड़ में वृंदावन की पारिस्थितिकी पुनर्जीवित करने की पहल
यह विशाल वृक्षारोपण अभियान परिक्रमा मार्ग और यमुना तट के मध्य स्थित 140 एकड़ क्षेत्र में संचालित होगा — वही क्षेत्र जो प्राचीन वृंदावन की भौगोलिक एवं आध्यात्मिक पहचान का मूल आधार रहा है। ब्रज के 108 श्रीमहंत, महंत और संत मिलकर 108 पवित्र पंचवटी वृक्ष लगाएंगे, जो इस पुनर्स्थापन अभियान का आध्यात्मिक केंद्र होगा।
कुंभ-पूर्व वैष्णव बैठक स्थल को हरित स्वरूप देने का संकल्प
प्रेस कॉन्फ़्रेंस में श्री रवी शंकर, मुख्य विपणन अधिकारी, कृष्णा भूमि आर्केड, ने बताया कि नगर निगम और ब्रज तीर्थ विकास परिषद के साथ हुए त्रिपक्षीय समझौते के तहत पिछले दो वर्षों में इस क्षेत्र में हरित विकास पर निरंतर काम चल रहा है। पिछले मानसून के दौरान आई बाढ़ और जलभराव के कारण कई पौधों को गंभीर क्षति पहुँची थी। इसीलिए, हरितिमा संवर्धन के इस संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए श्री बिहारी पंचमी पंचवटी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि छटीकरा रोड की मुख्य हरित पट्टी का विकास और रखरखाव भी कृष्णा भूमि आर्केड द्वारा किया जा रहा है।
सस्टेनेबल विकास के प्रति इन्फिनिटी ग्रुप की प्रतिबद्धता
रवी शंकर ने बताया कि इन्फिनिटी ग्रुप तीन दशकों से सतत विकास को प्राथमिकता देता आया है।
समूह ने
अमेरिका के बाहर दूसरी प्लैटिनम रेटेड ग्रीन बिल्डिंग,
और विश्व की सातवीं ग्रीन बिल्डिंग
का निर्माण कोलकाता में किया था।
वर्तमान में समूह की सभी परियोजनाएँ ग्रीन सर्टिफिकेशन के अनुरूप हैं। इस कड़ी में, वृंदावन में विकसित किया जा रहा देश का पहला आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम मॉल — कृष्णा भूमि आर्केड, प्री-सर्टिफाइड गोल्ड रेटेड ग्रीन बिल्डिंग है।
वृंदावन की पवित्र भूमि का संरक्षण—सेवा के माध्यम से
उन्होंने कहा धाम में जो भी बने, वह धाम की सेवा करे।
इसी भावना के साथ पंचवटी वृक्षारोपण का उद्देश्य है—
वृंदावन की पारिस्थितिकी को पुनर्जीवित करना,
यमुना तट को मजबूत बनाना,
और प्राचीन सांस्कृतिक परिदृश्य को संरक्षित करना।
अगले पाँच वर्षों में श्रद्धालुओं का आगमन 2.45 करोड़ से बढ़कर 6 करोड़ होने का अनुमान है। ऐसे में, यह हरित क्षेत्र तीर्थयात्रियों के अनुभव को प्राकृतिक, शांत और आध्यात्मिक वातावरण प्रदान करेगा।
महोत्सव में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
25 नवंबर को आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ होगा ब्रज के 108 संतों की पावन उपस्थिति में।
मुख्य अतिथि होंगे —
डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), वन एवं पर्यावरण विभाग, उत्तर प्रदेश,
पद्म भूषण पंडित विश्वमोहन भट्ट,
तंत्री सम्राट पंडित सलील भट्ट,
और पंडित अजय प्रसन्ना, तीन बार ग्रैमी पुरस्कार के लिए नामांकित।
साथ ही, स्थानीय निवासियों और भक्तों को तुलसी रोपण के माध्यम से इस अभियान से जुड़ने हेतु भी आमंत्रित किया गया है।
वृंदावन के लिए एक आवश्यक पर्यावरणीय हस्तक्षेप
यमुना तट पर पंचवटी वृक्षारोपण, आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ तेजी से विकसित हो रहे बिहारी जी कॉरिडोर के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
यह हरित क्षेत्र —
एक शांत ट्रांज़िशन स्पेस,
प्राकृतिक विश्राम स्थल,
स्थानीय कारीगरों व पारंपरिक आजीविकाओं का सहारा,
तथा एक जीवंत पारिस्थितिक उद्यान
के रूप में विकसित किया जा रहा है।
यह प्रयास वृंदावन की उस पावन छवि को पुनर्जीवित करता है, जहाँ प्रकृति, संस्कृति और भक्ति का अनूठा संगम सदियों से दिखाई देता रहा है।
वृंदावन की आत्मा को संजोने का प्रयास
वक्ताओं ने इस पहल को सेवा-आधारित सतत आध्यात्मिक विकास का नया मॉडल बताते हुए कहा कि बिहार पंचमी पंचवटी महोत्सव 2025 प्राचीन वृंदावन की आत्मा को संरक्षित करते हुए तीर्थ अनुभव को और गहन बनाता है।

