यूपी के 74 जिलों में 13-14 जुलाई को लगेगा महा-रोजगार मेला; 'जीरो पॉवर्टी' युवाओं और दिव्यांगजनों को मिलेगी प्राथमिकता
लखनऊ, 12 जुलाई 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'हर हाथ को हुनर, हर हुनर को रोजगार' के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार एक व्यापक अभियान शुरू करने जा रही है। विश्व युवा कौशल दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) द्वारा आगामी 13 और 14 जुलाई को प्रदेश के 74 जनपदों में वृहद राज्य स्तरीय रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
इस विशाल रोजगार अभियान के माध्यम से व्यावसायिक रूप से प्रशिक्षित युवाओं को देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में सीधे नौकरी पाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
'हर हुनर को मिलेगा सम्मान, हर युवा को मिलेगा रोजगार': मंत्री कपिल देव अग्रवाल
उत्तर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि योगी सरकार ने पिछले 9 वर्षों में कौशल विकास को उत्तर प्रदेश की एक नई और मजबूत पहचान बना दिया है। आज यूपी के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) और स्किल सेंटर्स से ट्रेनिंग लेने वाले युवा वैश्विक स्तर पर नामी कंपनियों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 74 जिलों में एक साथ आयोजित होने वाले ये रोजगार मेले 'हर हुनर को सम्मान, हर युवा को रोजगार' के हमारे लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

'जीरो पॉवर्टी' अभियान और दिव्यांगजनों पर विशेष ध्यान
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कड़े निर्देश हैं कि इस रोजगार मेले में सामाजिक और आर्थिक रूप से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े युवाओं को मुख्यधारा में लाया जाए। इसके तहत:
-
अत्यंत गरीब परिवारों को वरीयता: उत्तर प्रदेश सरकार के 'जीरो पॉवर्टी अभियान' (शून्य गरीबी अभियान) के तहत चिन्हित किए गए अत्यंत निर्धन परिवारों के युवाओं को इन मेलों में चयन प्रक्रिया में विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
-
दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था: दिव्यांग युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी मेला स्थलों पर बुनियादी ढांचे में बदलाव किए गए हैं। प्रत्येक आयोजन स्थल पर रैम्प, सुगम आवागमन (Smooth Accessibility) और उनकी सहायता के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती अनिवार्य रूप से की गई है।
क्यूआर (QR) कोड से होगा पारदर्शी पंजीकरण, कोई भी युवा ले सकता है भाग
UPSDM के मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि मेलों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) और कौशल विकास मिशन की टीम आपसी समन्वय के साथ काम कर रही है। सभी जिलाधिकारियों (DM) को उपयुक्त कार्यक्रम स्थल का चयन करने और निजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कौन हो सकता है शामिल?
इस रोजगार मेले में उत्तर प्रदेश का कोई भी योग्य युवा-युवती भाग ले सकते हैं। इनमें:
-
UPSDM (उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन) के तहत कोर्स पास कर चुके युवा।
-
DDU-GKY (दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्या योजना) से प्रशिक्षित छात्र।
-
'प्रोजेक्ट प्रवीण' के तहत कौशल विकास की ट्रेनिंग ले चुके छात्र।
-
इनके अतिरिक्त, वे युवा भी शामिल हो सकते हैं जिन्होंने अपनी औपचारिक स्कूली या कॉलेज शिक्षा पूरी कर ली है और नौकरी की तलाश में हैं।
![[][](https://aapkikhabar.com/static/c1e/client/86288/uploaded/cb1eaed2259f427be72dced0d7f6a4b0.jpg)
पारदर्शिता के उपाय:
मेला स्थलों पर भीड़ प्रबंधन और व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल व पारदर्शी बनाए रखने के लिए क्यूआर (QR) कोड आधारित पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। मेले के समापन के तुरंत बाद सभी जिलों को चयनित और नियुक्त हुए युवाओं की अंतिम ज्वाइनिंग रिपोर्ट लखनऊ स्थित मिशन मुख्यालय को भेजनी होगी।इच्छुक अभ्यर्थी मेले की सटीक तारीख, समय और स्थान की विस्तृत जानकारी अपने निकटतम सरकारी आईटीआई (ITI) केंद्र से प्राप्त कर सकते हैं।

