गोकुल नगर में महर्षि वाल्मीकि जयंती एवं शरद पूर्णिमा उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न
लखनऊ। गोकुल नगर, लखनऊ दक्षिण भाग की ओर से महर्षि वाल्मीकि जयंती एवं शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 25 अक्टूबर को केशवपुरम, सरोसा भरोसा, पारा में उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक चेतना के वातावरण में संपन्न हुआ। इसमें मातृशक्ति, बाल स्वयंसेवकों और व्यवसायी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
उत्सव के दौरान रामायण, शरद पूर्णिमा तथा महर्षि वाल्मीकि के जीवन और कृतित्व पर आधारित प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। इसके माध्यम से उपस्थित स्वयंसेवकों और युवाओं को भारतीय संस्कृति, साहित्य और गौरवशाली परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिला। वहीं, छंद, श्लोक, चौपाइयों और राष्ट्रभक्ति गीतों की अंताक्षरी ने कार्यक्रम को रोचक एवं प्रेरणादायी बनाया। युवाओं के लिए विभिन्न खेलों का भी आयोजन हुआ, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में नगर संघचालक श्री ओमप्रकाश जी का सानिध्य प्राप्त हुआ। वहीं, लखनऊ दक्षिण भाग के सह शारीरिक शिक्षण प्रमुख श्री विजय जी ने अपने विचारों और मार्गदर्शन से उपस्थित स्वयंसेवकों एवं युवाओं को प्रेरित किया।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में कुल 107 लोगों की सहभागिता रही। इनमें 17 मातृशक्ति, 33 बाल स्वयंसेवक और 57 व्यवसायी स्वयंसेवक शामिल रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने प्रसाद स्वरूप खीर ग्रहण की। महर्षि वाल्मीकि के जीवनादर्शों, शरद पूर्णिमा की परंपराओं, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के भावों से परिपूर्ण यह उत्सव उपस्थित लोगों के लिए आनंददायी एवं स्मरणीय रहा।
