श्री 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर में धूमधाम से मनाई गई महावीर जयंती
Mahavir Jayanti was celebrated with great pomp at Shri 1008 Bhagwan Mahavir Digambar Jain Temple.
Mon, 30 Mar 2026
महावीर जयंती के अवसर पर सोमवार को लखनऊ के आशियाना स्थित श्री 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर में अहिंसा और करुणा के संदेश के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के जन्मकल्याणक महोत्सव पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल प्रभात फेरी से हुआ। महिलाओं और श्रद्धालुओं ने जैन धर्म की ध्वजा लेकर भगवान महावीर के जयकारों के साथ नगर भ्रमण किया। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
मुख्य समारोह मंदिर परिसर में आयोजित किया गया, जहां विद्वान राजीव जैन शास्त्री के सानिध्य में भगवान महावीर का अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती और श्री महावीर विधान कर विश्व शांति की कामना की।

समिति के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि आज के अशांत युग में भगवान महावीर के सिद्धांत सबसे अधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोग अहिंसा और अपरिग्रह को अपने जीवन में उतार लें, तो विश्व की अधिकांश समस्याओं का समाधान संभव है।
इस अवसर पर समिति के मंत्री अजय जैन, अखिलेश जैन, शरद कुमार जैन, अंकित जैन, अनूप जैन, आशीष जैन, बृजेश जैन, महिला मंडल की उपाध्यक्ष डॉ. सविता जैन, सांस्कृतिक मंत्री स्वीटी जैन, अनीता जैन तथा संगीता जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक वात्सल्य भोज तथा सन्मति डिपार्टमेंटल स्टोर के बाहर आम जनता के लिए आयोजित विशाल भंडारे के साथ हुआ।
