विपक्ष के विरोध में महिला मोर्चा का प्रदर्शन, पुतला दहन कर जताया आक्रोश
Women's Front protests against opposition, expresses anger by burning effigy
Sun, 19 Apr 2026
बलरामपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लोकसभा में पारित न होने पर शनिवार को महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने वीर विनय चौराहा पर विपक्ष के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला महामंत्री बिंदु विश्वकर्मा ने किया।
महिला कार्यकर्ता अटल भवन से रैली के रूप में निकलकर वीर विनय चौराहा पहुंचीं, जहां उन्होंने विपक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया।
जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण कानून लाना चाहते थे, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध कर महिलाओं के हितों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने इस बिल के पारित न होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

जिला महामंत्री बिंदु विश्वकर्मा ने भी विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह केवल एक विधेयक का मामला नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा, कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों का असली चेहरा सामने आ गया है, जिसका जवाब महिलाएं आने वाले समय में देंगी।
इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष/जिला मंत्री ललिता तिवारी, महामंत्री साधना पांडे, क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य झूमा सिंह, जिला उपाध्यक्ष वंदना पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष सविता सिंह, मंजू तिवारी, नंदनी शुक्ला, प्रभा शुक्ला, सुधा त्रिपाठी, डाली गुप्ता, निधि सिंह, मीनाक्षी अग्रवाल, रेखा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
