गोण्डा कलेक्ट्रेट परिसर में प्राइम इंजीनियर्स एसोसिएट की मुख्य शाखा का शुभारंभ
इंजीनियर सुरेश दूबे ने हवन-पूजन के साथ किया उद्घाटन, कम लागत में मजबूत और सुविधाजनक भवन निर्माण के लिए मिलेगी परामर्श सेवा
गोण्डा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर नए व्यवसायों की शुरुआत के क्रम में मंगलवार को गोण्डा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बार एसोसिएशन परिसर में प्राइम इंजीनियर्स एसोसिएट की मुख्य शाखा का शुभारंभ हवन-पूजन के साथ किया गया। उद्घाटन विधान भवन, लखनऊ में अनुरक्षण कार्य की देखरेख कर रहे इंजीनियर सुरेश दूबे ने किया।
इस अवसर पर इंजीनियर सुरेश दूबे ने कहा कि रोटी और कपड़े के बाद भवन मानव जीवन की प्रमुख आवश्यकताओं में से एक है। प्रत्येक परिवार की जरूरतों और मौसम के अनुकूल ऐसा भवन होना चाहिए, जिसमें सुविधाओं के साथ सुरक्षित और आरामदायक जीवन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि प्राइम इंजीनियर्स एसोसिएट का प्रयास रहेगा कि लोगों को उनकी पसंद और जरूरत के अनुरूप कम लागत में मजबूत भवन निर्माण के लिए तकनीकी सहयोग और उचित परामर्श उपलब्ध कराया जाए।
अब गृह क्षेत्र में मिलेगी भवन निर्माण की तकनीकी सलाह
प्राइम इंजीनियर्स एसोसिएट के प्रभारी इंजीनियर उत्कर्ष दूबे ने उद्घाटन समारोह में आए अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस संस्थान की स्थापना वर्ष 1994 में उनके पिता और गीता गोष्ठी के संयोजक इंजीनियर सुरेश दूबे ने की थी। सुरेश दूबे लखनऊ में भवन निर्माण के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग की जिम्मेदारी संभालते रहे हैं।
उत्कर्ष दूबे ने बताया कि अब प्राइम इंजीनियर्स एसोसिएट के माध्यम से गृह क्षेत्र के लोगों को भवन निर्माण से संबंधित मानचित्र डिजाइन, निर्माण लागत और तकनीकी पहलुओं पर परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे लोगों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार भवन निर्माण की योजना तैयार करने में मदद मिलेगी।

अधिवक्ताओं सहित गणमान्य लोग रहे मौजूद
शाखा के उद्घाटन समारोह में बार एसोसिएशन से जुड़े बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पंकज सिन्हा, रमेश दूबे, राजेश दूबे और जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
