हिंदी को सहज कार्यालयीन कार्य-व्यवहार का हिस्सा बनाएं: दिपेश राज

एसबीआई स्थानीय प्रधान कार्यालय, लखनऊ में राजभाषा पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ
 
हिंदी को सहज कार्यालयीन कार्य-व्यवहार का हिस्सा बनाएं: दिपेश राज

लखनऊ, 17 सितंबर 2026। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के स्थानीय प्रधान कार्यालय, लखनऊ में राजभाषा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक श्री दिपेश राज ने की। इस अवसर पर उन्होंने हिंदी को केवल राजभाषा पखवाड़े तक सीमित न रखते हुए दैनिक कार्यालयीन कार्य-व्यवहार का सहज हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

मुख्य महाप्रबंधक ने कहा कि राजभाषा का कार्यान्वयन केवल औपचारिक दायित्व नहीं है, बल्कि कार्यालयीन कार्य-व्यवहार को अधिक सरल, स्पष्ट और प्रभावी बनाने का माध्यम है। उन्होंने विभागाध्यक्षों से अपने-अपने विभागों में हिंदी के प्रयोग को निरंतर प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। साथ ही स्टाफ सदस्यों से राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में अधिकाधिक सहभागिता करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में सरल और आत्मीय भाषा ग्राहकों के साथ संवाद को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके साथ ही उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी और नवीन तकनीकी साधनों का उपयोग करते हुए हिंदी में कार्य करने की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

‘वातायन’ और ‘राजभाषा ज्ञान पुस्तिका’ का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्य महाप्रबंधक ने मंडल राजभाषा विभाग द्वारा प्रकाशित त्रैमासिक पत्रिका ‘वातायन’ के नवीन अंक तथा ‘राजभाषा ज्ञान पुस्तिका’ के सातवें संस्करण का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यालय को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, लखनऊ की ओर से राजभाषा शील्ड में द्वितीय पुरस्कार तथा ‘वातायन’ को गृह पत्रिका शील्ड में प्रथम पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इन उपलब्धियों के लिए राजभाषा विभाग को बधाई दी।

विभागीय राजभाषा शील्ड भी प्रदान की गई

राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत मंडल स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में स्टाफ सदस्यों से इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान किया गया।

बेहतर राजभाषा कार्यान्वयन के लिए परिसर एवं संपदा विभाग को विजेता तथा जांच एवं निगरानी विभाग को उपविजेता के रूप में विभागीय राजभाषा शील्ड प्रदान की गई।

बैठक में महाप्रबंधक श्री कौशलेंद्र कुमार, श्री विमल किशोर, श्री राजीव कुमार सहित कार्यालय के उप महाप्रबंधक एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन मंडल विकास अधिकारी श्री धीरेन्द्र महे ने किया, जबकि संचालन सहायक महाप्रबंधक (राजभाषा) श्री दिवाकर मणि ने किया।

Tags