मण्डलीय कला उत्सव 2026 आज, छह जिलों के 123 प्रतिभागी 12 विधाओं में दिखाएंगे प्रतिभा
मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि कला उत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने मंडल के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को अपने-अपने जनपदों से चयनित प्रतिभागियों की समय से आयोजन में सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
मण्डलीय कला उत्सव की नोडल अधिकारी आकांक्षा पाठक ने बताया कि इस वर्ष लखनऊ मंडल के छह जनपदों से कुल 123 प्रतिभागी विभिन्न विधाओं में हिस्सा लेंगे। इनमें लखनऊ से 22, सीतापुर से 21, हरदोई से 20, उन्नाव से 19, लखीमपुर खीरी से 20 और रायबरेली से 21 प्रतिभागी शामिल हैं।
प्रतियोगिता में विद्यार्थी 12 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इनमें शास्त्रीय गायन (एकल), लोक गायन (समूह), शास्त्रीय नृत्य (एकल), लोक नृत्य (समूह), स्वर वादन (एकल), ताल वादन (एकल), समूह वादन, दृश्य कला द्विआयामी, त्रिआयामी एवं स्थानीय शिल्प, लघु नाटिका तथा पारंपरिक कहानी वाचन शामिल हैं।
डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि प्रत्येक विधा में प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए संबंधित क्षेत्र के अनुभवी एवं उच्च कोटि के निर्णायकों की अलग-अलग नियुक्ति की गई है। कला उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक अभिव्यक्ति और भारतीय लोक एवं शास्त्रीय परंपराओं के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करना है।
