‘मन की बात’ राष्ट्र निर्माण का जनआंदोलन, भाजपा कार्यकर्ता घर-घर पहुँचाएं प्रधानमंत्री का संदेश : रामबाबू द्विवेदी

'Mann Ki Baat' is a mass movement for nation-building; BJP workers should take the Prime Minister's message to every household: Rambabu Dwivedi.
 
sbsbbs
बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी मंडल जैदपुर के शक्ति केंद्र पल्हरी स्थित बूथ संख्या-154 पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री रामबाबू द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व सांसद उपेंद्र रावत भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामबाबू द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्र निर्माण और जनभागीदारी से जोड़ने वाला प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों के उपयोग, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की भागीदारी, विज्ञान एवं नवाचार, खेलों में भारत की उपलब्धियों और सामाजिक सहभागिता जैसे विषयों पर प्रेरक संदेश दिए। साथ ही उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए देशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं भी दीं।


इस दौरान श्री द्विवेदी ने समाजवादी पार्टी के एक जनप्रतिनिधि द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष को पत्र और प्रस्ताव का अंतर तक समझ नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल आरोप लगाने से विकास कार्य नहीं रुकते, जबकि भाजपा सरकार जनहित की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार कार्य कर रही है।


उन्होंने कहा कि लोधेश्वर महादेव धाम कॉरिडोर का निर्माण, क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति, किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध विद्युत सुविधा, गरीबों के लिए निःशुल्क उपचार तथा प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी अनेक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने दावा किया कि यही कारण है कि जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है।


कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रेम प्रकाश द्विवेदी, बुद्धीराम, आशुतोष अवस्थी, किसान मोर्चा के आशुतोष तिवारी, राजेश वर्मा, सचिन मिश्रा, नागेंद्र प्रताप सिंह, रवि भारती, राम नारायण सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम का समापन "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" और "जय भाजपा – विजय भाजपा" के उद्घोष के साथ हुआ।

Tags