INSPIRE-MANAK की राष्ट्रीय प्रदर्शनी में मान्या श्रीवास्तव ने बढ़ाया लखनऊ का मान
ट्रेन की अपर बर्थ पर चढ़ने के लिए बनाई सुविधाजनक फोल्डेबल सीढ़ी, देशभर से चयनित 792 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
लखनऊ।सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, गोयल कैंपस, लखनऊ की प्रतिभाशाली छात्रा मान्या श्रीवास्तव ने INSPIRE-MANAK की 12वीं राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 और 13 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मान्या ने उत्तर प्रदेश से चयनित 31 विद्यार्थियों में अपनी जगह बनाई।
मान्या ने प्रतियोगिता में अपने नवाचार ‘ट्रेन में अपर बर्थ पर चढ़ने के लिए सुविधाजनक फोल्डेबल सीढ़ी’ का प्रदर्शन किया। उनका यह विचार रेल यात्रियों के लिए अपर बर्थ तक पहुंचने की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस नवाचार के माध्यम से उन्होंने अपनी रचनात्मक सोच और समस्या के व्यावहारिक समाधान की क्षमता का परिचय दिया।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान–भारत की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में पूरे देश से चयनित 792 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को अपने वैज्ञानिक विचारों और नवाचारों को प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
INSPIRE-MANAK कार्यक्रम के तहत वर्ष 2024-25 में पूरे भारत से कुल 10,13,000 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इनमें से 50,009 विद्यार्थियों को उनके विचारों और नवाचारों के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा चयनित विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने का अवसर मिला।
मान्या श्रीवास्तव की इस उपलब्धि में उनके शिक्षक विवेक कुमार सिंह का मार्गदर्शन और सहयोग सराहनीय रहा। उनकी भागीदारी ने विद्यालय के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में विद्यार्थियों के बीच नवाचार, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी प्रेरणा दी।
