कुलियों की आजीविका और सामाजिक सुरक्षा की मांग को लेकर चारबाग स्टेशन पर जोरदार प्रदर्शन
A massive protest was held at Charbagh station demanding livelihood and social security for porters.
Thu, 12 Feb 2026
लखनऊ। देशभर के कुली/यात्री सहायक संवर्ग की आजीविका एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी पुरानी मांगों को लेकर राष्ट्रीय कुली मोर्चा ने आज चारबाग रेलवे स्टेशन पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के माध्यम से कुलियों ने बजट में उनकी उपेक्षा और वादाखिलाफी पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

राष्ट्रीय कुली मोर्चा की प्रमुख मांगों में रेल मंत्रालय द्वारा कराए गए सर्वे की रिपोर्ट को संसद में प्रस्तुत कर सार्वजनिक करना शामिल है। कुलियों का कहना है कि उनकी आजीविका संकट की गंभीर स्थिति को देखते हुए रेल मंत्रालय, भारत सरकार ने 19 जून 2025 को सभी मंडल रेल प्रबंधकों को सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक वह रिपोर्ट न तो संसद में रखी गई है और न ही सार्वजनिक की गई है।
प्रदर्शन कर रहे कुलियों ने कहा कि वे भी देश के नागरिक हैं और उन्हें भी आजीविका सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था, आयुष्मान योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा, विश्राम गृह तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं मिलनी चाहिए।
कुलियों का आरोप है कि वे लंबे समय से अपनी बदहाल आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करते आ रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता है, जबकि बजट में उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया।
राष्ट्रीय कुली मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
