UP T-20 Cricket League : यूपी टी-20 लीग में मैच फिक्सिंग का मामला, एक करोड़ का ऑफर
यूपी टी-20 क्रिकेट लीग में मैच फिक्सिंग की कोशिश का बड़ा मामला सामने आया है। काशी रुद्रास टीम के मैनेजर अर्जुन चौहान ने खुलासा किया कि उन्हें इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने एक करोड़ रुपये का ऑफर दिया। ऑफर देने वाले ने कहा कि टीम का एक खिलाड़ी उसकी रणनीति के मुताबिक खेले। शुरुआती पुलिस जांच में पता चला कि भुगतान अमेरिकी डॉलर में ऑनलाइन ट्रांसफर करने की बात कही गई थी।
इंस्टाग्राम आईडी से हुआ संपर्क
31 अगस्त को दर्ज एफआईआर में आरोप है कि इंस्टाग्राम आईडी @vipss_nakrani से टीम मैनेजर से संपर्क किया गया। आरोपी ने खुद को बड़ा सट्टेबाज बताते हुए दावा किया कि एक मैच में फिक्सिंग करके मैनेजर कम से कम 50 लाख रुपये तक कमा सकते हैं।
टीम मैनेजमेंट ने उठाया कदम
टीम मैनेजमेंट ने तुरंत मामले की जानकारी बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट (ACU) को दी। एसीयू ने संदिग्ध कॉल और चैट को रिकॉर्ड कर सुरक्षित रखा और पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318, 319, 112, 62 के साथ 1867 के सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3 और आईटी अधिनियम 2000 की धारा 66D के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस इंस्टाग्राम अकाउंट के पीछे मौजूद व्यक्ति और उसके नेटवर्क की पहचान करने में जुटी है। गौरतलब है कि यूपी टी-20 लीग 17 अगस्त से लखनऊ में खेली जा रही है और इसका फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को होना है।
