श्रीरामलला के दरबार में नतमस्तक हुए मॉरीशस के प्रधानमंत्री रामगुलाम

  • अयोध्या में हुआ भव्य स्वागत

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट पर किया अभिनंदन

  • ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और पारंपरिक रीति-रिवाजों से गूंजी नगरी

  • भारी सुरक्षा घेरे में पहुंचे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर

  • रामलला की आरती उतारी, मंदिर निर्माण कार्यों का लिया जायजा

 
श्रीरामलला के दरबार में नतमस्तक हुए मॉरीशस के प्रधानमंत्री रामगुलाम
अयोध्या,  सितम्बर 2025। प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या शुक्रवार को एक ऐतिहासिक पल की साक्षी बनी, जब मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र रामगुलाम अपनी पत्नी वीना रामगुलाम और लगभग 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ यहां पहुंचे। मंदिर पहुँचते ही प्रधानमंत्री दंपति ने भगवान श्रीरामलला के समक्ष विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लोककल्याण और भारत-मॉरीशस मैत्री की मंगलकामना की। वह भूटान के प्रधानमंत्री के बाद दूसरे राष्ट्राध्यक्ष बने, जिन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन किया।

एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत

महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं प्रधानमंत्री का स्वागत किया। रेड कार्पेट, तिलक, मंत्रोच्चारण और पारंपरिक कलश-आरती से अभिनंदन किया गया। ढोल-नगाड़ों और शंखनाद की गूंज ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। मुख्यमंत्री ने गुलदस्ता और स्मृति चिह्न भेंट कर ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा निभाई।

रामलला की शरण में भावविभोर प्रधानमंत्री

एयरपोर्ट से सीधे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे प्रधानमंत्री रामगुलाम ने पत्नी संग आरती उतारी और लंबे समय तक प्रभु का दर्शन करते रहे। उन्होंने शीश नवाकर भगवान श्रीराम से दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने का आशीर्वाद मांगा। दर्शन के दौरान कई बार उनके मुख से “जय श्रीराम” का उद्घोष भी गूंजा।

विशेष फिल्म और मॉडल प्रस्तुति

मंदिर परिसर में टाटा कंपनी की ओर से निर्माण कार्यों पर आधारित एक विशेष लघु फिल्म दिखाई गई, जिसमें मंदिर की भव्यता और शिल्पकला की झलक प्रस्तुत की गई। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री रामगुलाम को राम मंदिर का मॉडल भेंट किया, वहीं उनकी पत्नी वीना रामगुलाम को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

भारत-मॉरीशस संबंधों का प्रतीक

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री रामगुलाम का यह दौरा भारत और मॉरीशस के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रिश्तों का जीवंत प्रमाण है। वहीं, प्रधानमंत्री ने भी अयोध्या की पावन धरती पर आने की प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भगवान राम के प्रति अपनी गहरी आस्था प्रकट की।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। एयरपोर्ट से लेकर मंदिर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। मंदिर परिसर में एटीएस और विशेष सुरक्षा टीमों ने निगरानी रखी।

Tags