पुरुषों में बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए मैक्स हॉस्पिटल, लखनऊ ने लॉन्च किया ‘मेंस हेल्थ क्लिनिक’
लखनऊ, मार्च 18, 2026: पुरुषों में बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं ध्यान में रखते हुए, मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ ने अपने यूरोलॉजी, एंड्रोलॉजी, किडनी ट्रांसप्लांट और रोबोटिक यूरो-ऑन्कोलॉजी विभाग के अंतर्गत डेडिकेटेड ‘मेंस हेल्थ क्लिनिक’ की शुरुआत की है। इस क्लिनिक में उन पुरुषों को व्यवस्थित और प्रमाण आधारित उपचार उपलब्ध मिलेगा, जो यौन, प्रजनन, हार्मोनल और यूरिन संबंधी समस्याओं के साथ-साथ पुरुषों में होने वाले कैंसर से जूझ रहे हैं।
इन समस्याओं के व्यापक रूप से पाए जाने के बावजूद, कई पुरुष सामाजिक झिझक तथा यह समझ न होने के कारण कि किस विशेषज्ञ से संपर्क करें, समय पर इलाज नहीं करा पाते। ऐसे में अक्सर मरीज इंटरनेट पर जानकारी खोजते हैं और कई बार अप्रमाणित चिकित्सकों, भ्रम फैलाने वाले विज्ञापनों और असुरक्षित इलाज के जाल में फंस जाते हैं।
मैक्स हॉस्पिटल, लखनऊ में शुरू किया गया यह नया ‘मेंस हेल्थ क्लिनिक’ इसी कमी को दूर करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यहां प्रशिक्षित यूरोलॉजिस्ट और एंड्रोलॉजिस्ट द्वारा विशेष परामर्श दिया जाएगा, जिससे पुरुषों को सुरक्षित और गोपनीय वातावरण में वैज्ञानिक तरीके से जांच और इलाज की सुविधा मिल सके।
क्लिनिक लॉन्च पर मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ में यूरोलॉजी, एंड्रोलॉजी, किडनी ट्रांसप्लांट और रोबोटिक यूरो-ऑन्कोलॉजी के निदेशक - डॉ. राहुल यादव, ने कहा कि, “यूरोलॉजिस्ट और एंड्रोलॉजिस्ट पुरुषों की सेक्स सम्बंधी, प्रजनन, हार्मोनल और मूत्र संबंधी समस्याओं के इलाज में विशेष रूप से प्रशिक्षित होते हैं। इस तरह का एक व्यवस्थित क्लिनिक हमें मरीजों का सही तरीके से मूल्यांकन करने और उन्हें सुरक्षित तथा वैज्ञानिक ढंग से इलाज की दिशा में मार्गदर्शन देने में मदद करता है, साथ ही पुरुषों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाता है।”
यहां इरेक्टाइल डिसफंक्शन, शीघ्रपतन, बांझपन, कम टेस्टोस्टेरोन, प्रोस्टेट से जुड़ी समस्याएं, मूत्र संबंधी दिक्कतें और उम्र के साथ होने वाले हार्मोनल बदलाव जैसी कई स्थितियों का मूल्यांकन और इलाज होगा। मरीजों को हार्मोनल जांच, सीमन एनालिसिस, अल्ट्रासाउंड और डॉप्लर स्टडी जैसी जांचों की सुविधा भी मिलेगी, साथ ही व्यक्तिगत और दंपत्ति परामर्श सत्र भी होंगे।
इस पहल पर मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ, में यूरोलॉजी, एंड्रोलॉजी, किडनी ट्रांसप्लांट और रोबोटिक यूरो-ऑन्कोलॉजी के निदेशक - डॉ. आदित्य के. शर्मा, ने कहा, “हम हर महीने औसतन 1,000 पुरुष मरीजों को देखते हैं, जिनमें से अधिकांश को अपनी बीमारी के बारे में बहुत कम जानकारी होती है और वह तब आते हैं जब समस्या काफी बढ़ चुकी होती है। हमारा उद्देश्य एक ऐसा सुरक्षित और सहज मंच तैयार करना है, जहां पुरुष खुलकर अपनी स्वास्थ्य समस्याओं पर बात कर सकें और उन्हें पूरी जांच, सही निदान और समय पर उपचार मिल सके।”
इस क्लिनिक की शुरुआत के साथ, मैक्स हॉस्पिटल, लखनऊ पुरुषों को अपनी झिझक छोड़कर समय पर इलाज कराने के लिए प्रेरित करना चाहता है ताकि यह संदेश स्पष्ट रूप से पहुंचे कि पुरुषों से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं भी सामान्य मेडिकल कंडीशन हैं और इनका इलाज संभव है।
