मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप का विस्तार, अब 250 MBBS छात्रों को मिलेगा वित्तीय सहयोग
लखनऊ, 16 सितंबर 2026। मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन ने अपने प्रमुख मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप प्रोग्राम के चौथे संस्करण की शुरुआत की घोषणा की है। इस वर्ष योजना के तहत नए छात्रों का वार्षिक इनटेक 100 से बढ़ाकर 250 कर दिया गया है। फाउंडेशन के अनुसार, इस विस्तार से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के अधिक मेधावी विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा हासिल करने में आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
इस वर्ष स्कॉलरशिप के लिए ऐसे 250 नए विद्यार्थियों को सहयोग दिया जाएगा, जिन्होंने NEET क्वालीफाई किया है और शैक्षणिक सत्र 2026-27 में दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, नागपुर, लखनऊ, मोहाली, देहरादून, बठिंडा या भुवनेश्वर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MBBS में प्रवेश लिया है।
पूरी MBBS शिक्षा के दौरान मिलेगा सहयोग
मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप के तहत चयनित विद्यार्थियों को उनके 5 वर्षीय MBBS पाठ्यक्रम की पूरी अवधि के दौरान वित्तीय सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसमें ट्यूशन फीस के अलावा लैपटॉप, पाठ्यपुस्तकें, बोन सेट, डिसेक्शन किट और स्टेथोस्कोप जैसे शैक्षणिक एवं चिकित्सा उपकरण शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को मासिक खर्च के लिए आर्थिक सहायता तथा पढ़ाई के दौरान मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। फाउंडेशन के अनुसार, पिछले वर्षों में चयनित विद्यार्थी भी इस योजना का लाभ लेते रहेंगे। वर्तमान में ये छात्र मेडिकल शिक्षा के दूसरे, तीसरे और चौथे वर्ष में अध्ययनरत हैं।
तीन वर्षों में 245 छात्रों को मिला सहयोग
मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप प्रोग्राम मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल का हिस्सा है। इसका उद्देश्य आर्थिक कारणों से मेडिकल शिक्षा में आने वाली बाधाओं को कम करना और योग्य विद्यार्थियों को डॉक्टर बनने की शिक्षा पूरी करने में सहयोग देना है।
मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन की चेयरपर्सन तरुणा सोई ने कहा कि आर्थिक तंगी कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के डॉक्टर बनने के सपने के सामने बाधा बनती है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में कार्यक्रम के माध्यम से 245 विद्यार्थियों की मेडिकल शिक्षा में सहयोग किया गया है। इस वर्ष नए छात्रों की संख्या बढ़ाकर 250 किए जाने से अधिक योग्य विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
4 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन
मैक्स मेडिकल स्कॉलरशिप के लिए पंजीकरण 16 सितंबर 2026 से शुरू हो गया है। इच्छुक विद्यार्थी 4 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी। इसमें आवेदनों की जांच, विद्यार्थियों की शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन शामिल होगा। फाउंडेशन की जूरी निर्धारित मानदंडों के आधार पर विस्तृत जांच के बाद अधिकतम 250 विद्यार्थियों का चयन करेगी।
स्कॉलरशिप के आवेदन फॉर्म दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, नागपुर, लखनऊ, मोहाली, देहरादून, बठिंडा और भुवनेश्वर के प्रतिष्ठित सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत पात्र आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध हैं। आवेदन और विस्तृत जानकारी के लिए मैक्स हेल्थकेयर फाउंडेशन की वेबसाइट पर संपर्क किया जा सकता है।
