विश्व कैंसर दिवस पर मेदांता अस्पताल ने कैंसर सर्वाइवर्स के साथ किया जागरूकता कार्यक्रम
-
समय पर जांच और सही इलाज से कैंसर पर काबू संभव: डॉ. राकेश कपूर
-
40 से अधिक कैंसर सर्वाइवर्स के साथ संवाद और लखनऊ दर्शन ने कार्यक्रम को बनाया विशेष
लखनऊ, 3 फरवरी, 2026: विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर मेदांता अस्पताल, लखनऊ द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 40 से अधिक कैंसर सर्वाइवर्स ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व को रेखांकित करना तथा मरीजों और उनके परिजनों को भावनात्मक संबल प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कैंसर सर्वाइवर्स ने अपने जीवन संघर्ष और इलाज से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कैंसर की पहचान के शुरुआती दौर में परिवार और स्वयं वे मानसिक रूप से टूट गए थे, क्योंकि आम धारणा यही होती है कि कैंसर एक लाइलाज बीमारी है। हालांकि, सही समय पर चिकित्सकीय सलाह, उन्नत उपचार और सकारात्मक सोच ने उनके जीवन को नई दिशा दी और आज वे एक सामान्य, सक्रिय जीवन जी रहे हैं।
अनुभव साझा करने के साथ ही सर्वाइवर्स के लिए एक विशेष लखनऊ दर्शन का आयोजन भी किया गया। यूपी टूरिज्म की डबल डेकर बस के माध्यम से सभी सर्वाइवर्स ने 1090 चौराहे से विधानसभा, रेजिडेंसी पार्क होते हुए यूपी दर्शन पार्क तक का भ्रमण किया। इस दौरान सभी ने इन यादगार पलों को कैमरे में कैद किया और इसे प्रेरणादायक तथा आशा से भरा अनुभव बताया।

कार्यक्रम में मेदांता अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों ने कैंसर से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की।
डायरेक्टर मेडिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. हर्षवर्धन आत्रेय ने कैंसर के शुरुआती लक्षणों और संकेतों पर प्रकाश डाला।
डायरेक्टर हेड एंड नेक कैंसर डॉ. विवेकानंद सिंह ने समय पर जांच और स्क्रीनिंग के महत्व को रेखांकित किया।
डायरेक्टर मेडिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. अभिषेक सिंह ने कैंसर के जोखिम कारकों और रोकथाम पर जानकारी दी।
डायरेक्टर हेमेटोलॉजी एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट डॉ. अंशुल गुप्ता ने कैंसर से जुड़े आम मिथकों और तथ्यों को स्पष्ट किया।
डायरेक्टर रेडिएशन ऑन्कोलॉजी डॉ. मोहद सुहैब ने स्वस्थ जीवनशैली की भूमिका पर चर्चा की।
एसोसिएट डायरेक्टर कैंसर केयर डॉ. रोमा प्रधान ने मरीजों और उनके परिजनों के लिए मानसिक एवं भावनात्मक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
एसोसिएट डायरेक्टर रेडिएशन ऑन्कोलॉजी डॉ. रेशम श्रीवास्तव ने कैंसर उपचार के विकल्पों और नई उन्नत तकनीकों के बारे में बताया।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में डायरेक्टर रेडिएशन ऑन्कोलॉजी डॉ. नीरज रस्तोगी एवं डायरेक्टर कैंसर केयर, एंडोक्राइन एंड ब्रेस्ट सर्जरी डॉ. अमित अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
मेदांता अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने कहा“कैंसर अब लाइलाज बीमारी नहीं है। समय पर पहचान और सही इलाज मरीज के जीवन को नई दिशा देता है। जागरूकता, नियमित जांच और डॉक्टर-मरीज के बीच भरोसा इलाज की सफलता में अहम भूमिका निभाते हैं, जिससे न केवल सर्वाइवल बल्कि जीवन की गुणवत्ता भी बेहतर होती है।”
कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि सही जानकारी, समय पर जांच और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कैंसर को हराया जा सकता है।
