मेदांता लखनऊ ने रक्तदाताओं और आयोजकों को किया सम्मानित

विश्व रक्तदाता दिवस की पूर्व संध्या पर विशेष कार्यक्रम आयोजित, युवाओं को रक्तदान के लिए किया प्रेरित
 
dbbd
लखनऊ, 14 जून 2026। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर मेदांता लखनऊ द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पिछले एक वर्ष के दौरान मेदांता ब्लड सेंटर में रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं तथा रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले आयोजकों को सम्मानित किया गया।

सम्मानित अतिथियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं पौधे भेंट किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध रंगकर्मी एवं फिल्म अभिनेता डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी रहे। कार्यक्रम में मेदांता लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सक भी उपस्थित रहे।


मेदांता ब्लड सेंटर के प्रमुख डॉ. आशीष तिवारी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई मरीजों के उपचार में सहायक हो सकता है और समय पर उपलब्ध रक्त किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।


रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विशेष रूप से युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से मेदांता लखनऊ ने ‘रक्त का मूल्य’ विषय पर दो मिनट की शॉर्ट वीडियो प्रतियोगिता का भी आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक संदेश का व्यापक प्रसार करना है।
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून को मेदांता लखनऊ के ब्लड सेंटर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जहां इच्छुक लोगों का पंजीकरण कर रक्तदान कराया जाएगा।


इस अवसर पर डॉ. आशीष तिवारी ने कहा, “जब कोई व्यक्ति रक्तदान करता है, तो वह केवल रक्त नहीं देता, बल्कि किसी परिवार को नई उम्मीद भी देता है। अस्पतालों में प्रतिदिन ऐसे अनेक मरीज आते हैं जिन्हें रक्त की आवश्यकता होती है। यदि अधिक से अधिक लोग नियमित रूप से रक्तदान करें, तो किसी भी मरीज को रक्त के लिए प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी।”


कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं के लिए मनोरंजक गतिविधियों और खेलों का भी आयोजन किया गया, जिससे उनका अनुभव और अधिक यादगार बन सके। रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान किए गए।
मेदांता लखनऊ ने सभी स्वस्थ नागरिकों से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान एक छोटा-सा प्रयास है, लेकिन इससे किसी को नया जीवन मिल सकता है।

Tags