मेदांता ने नोएडा में 550 बिस्तरों वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की शुरुआत की, दिल्ली-एनसीआर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
नई दिल्ली/लखनऊ डेस्क (प्रत्यूष पाण्डेय): भारत के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में कार्यरत प्रमुख मल्टी-स्पेशियलिटी हेल्थकेयर नेटवर्क ग्लोबल हेल्थ लिमिटेड (मेदांता) ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में 550 बिस्तरों की क्षमता वाले अपने नए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संचालन शुरू कर दिया है। इस कदम से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और भी मजबूत हो गई है।
करीब ₹800 करोड़ के अनुमानित निवेश से तैयार इस अस्पताल का शुभारंभ 300 ऑपरेशनल बेड के साथ किया गया है, जिसे चरणबद्ध तरीके से 550 बेड तक विस्तारित किया जाएगा। शुरुआती चरण में ही इसमें 100 से अधिक आईसीयू बेड और 5 उन्नत ऑपरेटिंग थिएटर उपलब्ध हैं।
अत्याधुनिक सुविधाएँ
मेदांता नोएडा को नवीनतम तकनीक से लैस किया गया है, जिसमें शामिल हैं:
-
दा विंची शी सर्जिकल रोबोट
-
ओ-आर्म एवं आर्टिस आइकोनो एआई-संचालित बाइप्लेन कैथ लैब
-
3 टेस्ला एमआरआई एवं 256-स्लाइस डुअल सोर्स सीटी स्कैन
-
पीईटी स्कैन और गामा कैमरा जैसी एडवांस डायग्नोस्टिक सिस्टम
यह संस्थान कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, न्यूरोसाइंसेज, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और विभिन्न प्रकार के ट्रांसप्लांट जैसी 20 से अधिक सुपर स्पेशियलिटीज़ में समग्र सेवाएँ प्रदान करेगा। अस्पताल में 30 निदेशकों सहित 60 से ज्यादा अनुभवी चिकित्सक पहले ही कार्यभार संभाल चुके हैं।
बेहतर कनेक्टिविटी और पहुंच
अस्पताल नोएडा सेक्टर-50 में स्थित है और मेट्रो नेटवर्क से सीधे जुड़ा हुआ है। इसके चलते यह दिल्ली-एनसीआर ही नहीं बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के वंचित क्षेत्रों तक भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुंचाने में सक्षम होगा।
नेतृत्व की राय
मेदांता के चेयरमैन एवं एमडी, डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा नोएडा में यह नया अस्पताल मेदांता की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके तहत हम देशभर में उच्च गुणवत्ता वाली और रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे हैं। आधुनिक तकनीक और अनुभवी चिकित्सकों की टीम के साथ यह अस्पताल तृतीयक और चतुर्थक देखभाल के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छूएगा।”
वहीं, मेदांता के ग्रुप सीईओ पंकज साहनी ने कहा नोएडा अस्पताल का उद्घाटन हमारी विकास यात्रा का अहम पड़ाव है। यह न केवल एनसीआर में हमारी उपस्थिति को मजबूत करता है बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बड़ी आबादी को भी अत्याधुनिक सुविधाओं तक पहुँचाता है। हमारी कोशिश है कि हम स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पहुंच और रोगी परिणामों के नए मानक स्थापित करें।”
