मेदांता लखनऊ में विश्व हृदय दिवस पर मरीजों के लिए हुआ खास मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम

डॉक्टरों ने ओपन हार्ट सर्जरी, मिनिमल इनवेसिव सर्जरी और कैथेटर आधारित प्रक्रियाओं के बारे में दी जानकारी
 
डॉक्टरों ने ओपन हार्ट सर्जरी, मिनिमल इनवेसिव सर्जरी और कैथेटर आधारित प्रक्रियाओं के बारे में दी जानकारी
लखनऊ डेस्क, आर. एल. पाण्डेय। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर मेदांता लखनऊ में मरीजों और उनके परिवारों के लिए विशेष मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मरीजों और उनके परिजनों को हृदय रोगों से जुड़े लक्षण, बचाव, उपचार और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे संवाद कर अपने सवाल पूछने का अवसर भी मिला।

कार्यक्रम में मेदांता लखनऊ के डायरेक्टर, कार्डियक सर्जरी डॉ. गौरंगा मजूमदार, डायरेक्टर क्लिनिकल एंड प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी डॉ. आर.के. सरन, डायरेक्टर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी डॉ. एस.के. द्विवेदी, डायरेक्टर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी डॉ. पी.के. गोयल और डायरेक्टर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी डॉ. माहिम सरन ने मरीजों और उनके परिवारों से बातचीत की।

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने हृदय रोगों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में आसान भाषा में जानकारी दी। इसमें ओपन हार्ट सर्जरी, मिनिमल इनवेसिव सर्जरी और कैथेटर आधारित प्रक्रियाएं शामिल रहीं। डॉक्टरों ने बताया कि मरीज की बीमारी और स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर उपचार की प्रक्रिया तय की जाती है तथा कुछ परिस्थितियों में इन आधुनिक प्रक्रियाओं की आवश्यकता पड़ सकती है।

हृदय रोग के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें

मेदांता हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. राकेश कपूर ने हृदय रोगों से बचाव और उनके शुरुआती लक्षणों को पहचानने के महत्व पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीने में दर्द या भारीपन, सांस लेने में परेशानी, अचानक अधिक पसीना आना, असामान्य थकान और बेचैनी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। उन्होंने स्वस्थ खानपान, नियमित शारीरिक गतिविधि, वजन को नियंत्रित रखने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने को हृदय स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

मरीजों ने विशेषज्ञों से पूछे सवाल

कार्यक्रम के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने हृदय रोगों से बचाव, लक्षणों की पहचान और उपचार से संबंधित विभिन्न सवाल डॉक्टरों के सामने रखे। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए हृदय स्वास्थ्य को लेकर आवश्यक जानकारी साझा की। मेदांता लखनऊ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों और उनके परिवारों को हृदय रोगों के प्रति जागरूक करने के साथ विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध कराना रहा।

Tags