मेरठ में छात्रा हत्याकांड का खुलासा, सिरफिरे प्रेमी ने दोस्तों संग की हत्या
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने छात्रा को किसी अन्य युवक से बातचीत करते हुए देख लिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। बाद में आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर छात्रा की हत्या कर दी। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार, 15 मई को छात्रा बीए थर्ड ईयर की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद उसी दिन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।दो दिन बाद 17 मई को छात्रा का शव घर से करीब 25 किलोमीटर दूर एक गन्ने के खेत में सड़ी-गली अवस्था में मिला। शव मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए गैंगरेप के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया।
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया और उनकी तहरीर के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के मोबाइल फोन से एक नोट भी मिला, जिसमें लिखा था— “प्लीज सेव मी गॉड…”। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
