Meerut Zomato Delivery Boy Assault : खाना देर से पहुंचने पर जोमैटो डिलीवरी बॉय को घर में खींचकर पीटा, CCTV फुटेज के बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर आरोपी दंपति

Meerut Crime News: Zomato delivery boy dragged into the house and beaten after food was late, accused couple eluded police even after CCTV footage
 
IJHNOIHH

Meerut Zomato Delivery Boy Assault: उत्तर प्रदेश के मेरठ में डिलीवरी में मामूली देरी होने पर एक डिलीवरी एजेंट के साथ बेरहमी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परतापुर थाना क्षेत्र स्थित गंगा हाइट्स (Ganga Heights) सोसाइटी में जोमैटो के डिलीवरी बॉय को पहले फ्लैट के बाहर गालियां दी गईं और फिर घर के अंदर खींचकर पति-पत्नी ने मिलकर जमकर पीटा।

घटना की पूरी वारदात सोसाइटी में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी दंपति की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

 डिलीवरी में हुई थोड़ी देरी तो भड़क गया ग्राहक

जानकारी के अनुसार, जोमैटो डिलीवरी एजेंट सोनू खाना लेकर परतापुर क्षेत्र की बहुमंजिला सोसाइटी 'गंगा हाइट्स' में आशीष नामक व्यक्ति के फ्लैट पर पहुंचा था।रास्ते में किसी कारणवश ऑर्डर पहुंचाने में थोड़ा विलंब हो गया था।डिलीवरी मिलते ही फ्लैट निवासी आशीष आगबबूला हो गया और उसने सोनू के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

 घर के अंदर खींचकर पति-पत्नी ने की मारपीट

पीड़ित डिलीवरी बॉय सोनू अभी अपनी सफाई दे ही रहा था कि आशीष ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान आशीष की पत्नी भी दरवाजे पर आ गई।आरोप है कि पत्नी के इशारे पर आशीष ने सोनू को जबरन घसीटकर घर के भीतर खींच लिया। इसके बाद बंद कमरे में पति और पत्नी दोनों ने मिलकर बेबस डिलीवरी एजेंट की बुरी तरह पिटाई की।

 CCTV फुटेज के आधार पर केस दर्ज, गिरफ्तारी का इंतजार

किसी तरह चंगुल से छूटने के बाद पीड़ित डिलीवरी बॉय ने परतापुर थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और तहरीर दी। सोसाइटी में लगे सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, घटना के बाद से ही आरोपी दंपति अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। स्थानीय लोगों और डिलीवरी कर्मियों में इस घटना को लेकर भारी रोष है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


 

Tags