करनाल में महा रक्तदान शिविर का आयोजन, व्यापारिक समुदाय ने बढ़-चढ़कर निभाई भागीदारी

Mega blood donation camp organized in Karnal; business community participates enthusiastically.
 
करनाल में महा रक्तदान शिविर का आयोजन, व्यापारिक समुदाय ने बढ़-चढ़कर निभाई भागीदारी

करनाल, 12 अगस्त। भारतीय श्रमिक कामगार महासंघ (भाजपा प्रणित) के राष्ट्रीय महासचिव सर्वेश पाठक के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार करनाल सिटी में व्यापारिक समुदाय के सहयोग से महा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से आयोजित शिविर का संयोजन प्रमुख व्यापारी नेता लाजपत गर्ग के नेतृत्व में श्याम सेवा समिति ने किया।

शिविर में संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता गुप्ता और भारतीय श्रमिक कामगार महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रानू सिंह ने पहुंचकर रक्तदाताओं, आयोजन समिति तथा व्यापारिक समुदाय का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान वक्ताओं ने रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए स्वस्थ एवं सक्षम नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

शिविर में तरुण बंसल, मनदीप राणा, चिराग गर्ग, मनोज कांबोज, दीपक पोसवाल, अमन गुप्ता और संदीप सचदेवा सहित अनेक व्यापारिक प्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने रक्तदान किया। आयोजकों ने कहा कि रक्तदाताओं का यह योगदान जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

गीता गुप्ता ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि मानव जीवन के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचायक है। उन्होंने कहा कि आकस्मिक परिस्थितियों में किसी भी व्यक्ति को रक्त की आवश्यकता पड़ सकती है, इसलिए स्वस्थ नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए जागरूक होना चाहिए और दूसरों को भी प्रेरित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हरियाणा का व्यापारिक समुदाय सामाजिक सरोकारों और जनकल्याणकारी गतिविधियों में लगातार सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। करनाल का यह आयोजन व्यापारिक वर्ग की सेवा भावना और सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है। उन्होंने युवाओं से भी समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

गीता गुप्ता ने शिविर के सफल आयोजन के लिए लाजपत गर्ग और श्याम सेवा समिति का आभार जताया। साथ ही सर्वेश पाठक के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यों को निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है।

लाजपत गर्ग ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने रक्तदाताओं, व्यापारिक समुदाय, आयोजन समिति और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।वहीं रानू सिंह ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं, व्यापारिक प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आयोजकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम नागरिकों को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करते हैं और सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हैं।

“एक रक्तदान—किसी के जीवन की नई उम्मीद।”

Tags