बलरामपुर में सरदार पटेल जयंती पर भव्य एकता पदयात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा क्षेत्र
बलरामपुर। भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सदर विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। सदर विधायक पलटू राम के नेतृत्व में यह यात्रा बहादुरपुर (सिरसिया) पंचायत भवन से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए भगवतीगंज स्थित भगवती आदर्श विद्यालय खेल मैदान पर आयोजित जनसभा में संपन्न हुई। पदयात्रा के दौरान छात्र, युवा, किसान और महिलाएं “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के जयघोष से पूरे मार्ग को देशभक्ति के रंग में रंगते रहे। यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कहा कि सरदार पटेल का योगदान देश की एकता और अखंडता के लिए अमूल्य रहा है। डबल इंजन की सरकार ने उनके विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने आज़ादी से पहले अनेक आंदोलनों का नेतृत्व किया और किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए बारदोली सत्याग्रह में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, जिसके बाद उन्हें “सरदार” की उपाधि मिली।
मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार पटेल ने 562 रियासतों का एकीकरण कर आधुनिक भारत की नींव रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हीं की सोच को आत्मनिर्भर भारत के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। “वोकल फॉर लोकल” के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जो सरदार पटेल के आत्मनिर्भर राष्ट्र के विचार को साकार करता है।

सदर विधायक पलटू राम ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने हैदराबाद और जूनागढ़ जैसी रियासतों को बिना युद्ध किए भारत में शामिल कर राष्ट्रीय एकता की मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर देश के गृह मंत्री अमित शाह ने सरदार पटेल की एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को सच्ची श्रद्धांजलि दी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के केवड़िया में 182 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनवाकर सरदार पटेल के प्रति देश की श्रद्धा को मूर्त रूप दिया है। उन्होंने युवाओं से सरदार पटेल के जीवन और उनके राष्ट्रनिर्माण के कार्यों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में लोकसभा संयोजक शंकर दयाल पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह गुड्डू, नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, जिला पंचायत प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गोविंद सोनकर, वरुण सिंह मोनू, बृजेंद्र तिवारी, बिंदु विश्वकर्मा, विनय मिश्रा, डी.पी. सिंह, अवधेश पांडेय, संदीप उपाध्याय, रामकृपाल शुक्ला, सौरभ तुलसियान, राजेश वर्मा, आलोक रंजन पांडे, मंजू तिवारी, साधना पांडे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे। एकता, अखंडता और आत्मनिर्भर भारत के संदेश से ओतप्रोत यह पदयात्रा सरदार पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने में एक प्रेरक पहल साबित हुई।
