IBM के साथ साझेदारी से यूपी के युवाओं को मिलेगा AI आधारित कौशल प्रशिक्षण, मेगा जॉब मेला-2026 का शुभारंभ
लखनऊ, 3 अगस्त। उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को आधुनिक तकनीकों के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मेगा जॉब मेला-2026 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और IBM के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता युवाओं को रोजगार, कौशल और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। उनका कहना था कि आज का दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीकों का है, इसलिए युवाओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ नई तकनीकों, डिजिटल स्किल्स, प्रभावी संवाद क्षमता और आत्मविश्वास भी विकसित करना होगा।
IBM और UPSDM की इस साझेदारी के तहत प्रदेश के प्रशिक्षण संस्थानों में AI, डिजिटल स्किल्स और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इससे लाखों युवाओं को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण मिलने के साथ बेहतर रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
कपिल देव अग्रवाल ने युवाओं से कहा कि वे किसी भी नौकरी को छोटा न समझें और निरंतर सीखने की आदत विकसित करें। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर हैं तथा सरकार रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को उद्योगों से जोड़ने का लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कौशल विकास मिशन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं IBM इंडिया/दक्षिण एशिया की CSR प्रमुख शिप्रा शर्मा ने कहा कि यह साझेदारी उत्तर प्रदेश के युवाओं तक AI आधारित शिक्षा और अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एमओयू के आदान-प्रदान के बाद सेरेमोनियल बेल रिंगिंग के साथ मेगा जॉब मेला-2026 का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर UPSDM के संयुक्त निदेशक मयंक गंगवार, IBM के प्रतिनिधि, विभिन्न कंपनियों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
मेले में प्रदेश के विभिन्न पॉलिटेक्निक, आईटीआई, इंजीनियरिंग और डिग्री कॉलेजों के 2,000 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। वहीं Airtel Payments Bank, Nykaa, Tata Motors, Suzuki समेत 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
