श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय में वृहद रोजगार मेला आयोजित, 900 युवाओं को मिले अवसर
लखनऊ, 04 फरवरी 2026। श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय, केकेसी, लखनऊ में आज “वृहद रोजगार मेला” का आयोजन सेवायोजन कार्यालय लखनऊ, आईटीसी सुनहरे कल एवं प्रथम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। रोजगार मेले में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 900 युवाओं ने भाग लिया, जहाँ करीब 40 प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
मेले में चयनित अभ्यर्थियों को न्यूनतम ₹12,000 से अधिकतम ₹25,000 मासिक वेतन वाले जॉब ऑफर्स प्रदान किए गए। पूरे दिन चले इस आयोजन में 450 से अधिक युवाओं को अगले राउंड के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि लगभग 125 छात्र-छात्राओं को ऑन-द-स्पॉट ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती सुषमा खर्कवाल, महापौर, लखनऊ एवं विशिष्ट अतिथि श्री गिरीश चंद्र मिश्रा, उपाध्यक्ष, ललित कला एकेडमी, लखनऊ द्वारा किया गया।मुख्य अतिथि श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के बाद हर माता-पिता का सबसे बड़ा सपना अपने बच्चों को रोजगार में स्थापित देखना होता है। नौकरी मिलने से न केवल युवाओं का भविष्य सुरक्षित होता है, बल्कि उनके परिवार की भी वर्षों की आशाएं पूरी होती हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ में अत्यंत प्रतिभाशाली और मेधावी युवा मौजूद हैं, जो एक दिन अपना, अपने परिवार और देश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने स्वच्छता अभियान की चर्चा करते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग में लखनऊ को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है और सभी को मिलकर इसे प्रथम स्थान तक पहुंचाने का प्रयास करना होगा। उन्होंने नगर निगम द्वारा कचरा प्रबंधन, नारियल कचरे के पुनर्चक्रण और उससे जूट रस्सी निर्माण जैसी नवाचारपूर्ण पहलों की भी जानकारी दी तथा बताया कि शीघ्र ही कचरे से बिजली उत्पादन की दिशा में भी कार्य शुरू किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि श्री गिरीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपार प्रतिभा मौजूद है, जिसे सही दिशा और मंच की आवश्यकता है। रोजगार मेले जैसे आयोजन युवाओं के लिए वरदान सिद्ध होते हैं।इस अवसर पर पार्षद एवं उपनेता सदन श्री सुशील तिवारी (पम्मी भैया) ने गरीब और जरूरतमंद छात्रों के रोजगार हेतु सहयोग का आह्वान किया।
आईटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री रवी बंसल ने अतिथियों का स्वागत किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के.के. शुक्ला ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवांगी शर्मा ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय मंत्री-प्रबंधक श्री जी.सी. शुक्ल, जिला सेवायोजन अधिकारी सूर्यकांत, डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, डॉ. रश्मि, हिमांशु सिंह, अदनान खान, डॉ. विजय राज श्रीवास्तव, डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. अर्पिता सिंह, डॉ. प्रियंका मजूमदार, डॉ. अमूल्य तिवारी सहित अनेक कंपनियों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
