Gonda में पुरुषों ने किया आंगनबाड़ी पदों के लिए आवेदन, तीन फॉर्म निरस्त
गोण्डा। जनपद में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री और सहायिका पदों पर भर्ती के लिए जारी नोटिफिकेशन में स्पष्ट किया गया था कि उक्त पद केवल महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं। इसके बावजूद परसपुर, मुजेहना और बेलसर ब्लॉक से तीन पुरुषों द्वारा आवेदन किए जाने का मामला सामने आया है, जिन्हें जांच के बाद निरस्त कर दिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) संजय कुमार ने बताया कि जिले में आंगनबाड़ी भर्ती के लिए 5,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। प्रारंभिक जांच में तीन पुरुष आवेदनों की पुष्टि होने पर उन्हें तत्काल निरस्त कर दिया गया। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) से मार्गदर्शन प्राप्त करने के बाद जिले के सभी 16 विकास खंडों में आवेदनों की दोबारा जांच के आदेश जारी किए गए हैं।
डीपीओ ने स्पष्ट किया कि विज्ञापन में साफ उल्लेख था कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री और सहायिका के पद केवल महिलाओं के लिए हैं तथा शासनादेश के अनुसार 18 से 35 वर्ष की महिलाएं ही पात्र हैं। इसके बावजूद पुरुषों द्वारा आवेदन करना नियमों का उल्लंघन है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र के लिए शीर्ष पांच आवेदकों को काउंसलिंग हेतु बुलाया गया था। इसी प्रक्रिया के दौरान पुरुष आवेदनों की जानकारी सामने आई।
प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि यह त्रुटि अनजाने में हुई या जानबूझकर नियमों की अनदेखी की गई। सभी ब्लॉकों में स्क्रूटनी पूरी होने के बाद यदि अन्य पुरुष आवेदन पाए जाते हैं, तो उन्हें भी निरस्त किया जाएगा।
