मानसिक तनाव हृदय रोग का प्रमुख कारण, स्वस्थ जीवनशैली अपनाना जरूरी: डॉ. पंकज श्रीवास्तव

Mental stress is a major cause of heart disease; adopting a healthy lifestyle is essential: Dr. Pankaj Srivastava
 
vvv
बाराबंकी। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों का जीवन बचाने के उद्देश्य से बहराइच रोड स्थित बाबा गुरुकुल अकादमी में निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। विद्यालय की इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं उनके परिवारों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के साथ ही प्राथमिक उपचार और सीपीआर (CPR) के महत्व की जानकारी देना रहा।

ggb

 


कार्यक्रम में हिन्द इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सहभागिता की। इसमें कार्डियक सर्जन डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजीव कृष्ण चौधरी, फिजिशियन डॉ. राहुल वर्मा एवं डॉ. प्रतीक शामिल रहे।

 

 

 


इस अवसर पर हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘दिल से दिल तक’ अभियान के तहत विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव ने युवाओं और बच्चों में बढ़ती हृदय संबंधी समस्याओं पर चिंता जताते हुए कहा कि गलत खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी, उच्च रक्तचाप, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल और मानसिक तनाव हृदय रोग के प्रमुख जोखिम कारक हैं।

znz z
उन्होंने कहा कि मानसिक तनाव हृदय स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है। विशेषकर सर्दियों के मौसम में हृदय रोगियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने, नियमित दिनचर्या अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच कराने की आवश्यकता है। संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और चिकित्सकीय सलाह का पालन करके हृदय रोगों के खतरे को कम किया जा सकता है।


कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजीव कृष्ण चौधरी ने हृदय संबंधी आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित लोगों को सीपीआर देने की सही विधि और प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि हृदय गति रुकने जैसी आपातकालीन स्थिति में समय पर सीपीआर मिलने से किसी व्यक्ति की जान बचाने की संभावना बढ़ सकती है।


शिविर में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए विद्यालय परिसर में ही निःशुल्क ओपीडी परामर्श की व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त ईसीजी, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिसका बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने लाभ उठाया।


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक श्री हरपाल सिंह ने विशेषज्ञ चिकित्सकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन के प्रति संवेदनशील, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। स्वास्थ्य जागरूकता और जीवनरक्षक प्रशिक्षण इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विद्यालय भविष्य में भी समाजोपयोगी एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

x x.
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुप्रिया पाण्डेय ने चिकित्सकों की पूरी टीम, अभिभावकों और उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और जागरूक मन ही सशक्त समाज की आधारशिला हैं। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में दूसरों की सहायता करने की भावना भी पैदा करते हैं।


कार्यक्रम को सफल बनाने में टेक्नीशियन राघवेंद्र द्विवेदी, रवि शंकर, अली एवं हिन्द अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) पंकज सिन्हा का विशेष योगदान रहा।

Tags