स्वदेशी से आत्मनिर्भरता का संदेश, केसी ग्रुप में उद्यमिता पर मंथन
सत्य देव शर्मा सहोड़
पंडोगा (ऊना)। केसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, पंडोगा के प्रबंधन विभाग की ओर से स्वदेशी जागरण मंच के सहयोग से ‘नवाचार एवं उद्यमिता : मेक इन इंडिया और भारतीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को नवाचार अपनाने, उद्यमशील सोच विकसित करने और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले बनें युवा
संगोष्ठी में स्वदेशी जागरण मंच के जिला पूर्णकालिक सत्यदेव शर्मा ने कहा कि नवाचार, कौशल विकास और स्वदेशी विनिर्माण देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं को नए व्यावसायिक अवसरों की पहचान कर अपने विचारों को व्यावहारिक समाधानों और सफल व्यवसायों में बदलने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
जितेंद्र बाली ने ‘मेक इन इंडिया’ पहल का उल्लेख करते हुए भारतीय उत्पादों को अपनाने, स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहन देने और घरेलू उद्योगों को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए।
रचनात्मकता और कौशल विकास पर दिया जोर
संस्थान के निदेशक विवेक परिहार ने उच्च शिक्षा में व्यावहारिक ज्ञान, नवाचार और उद्यमिता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ ऐसे कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया, जो उन्हें भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाएं।
एचआर प्रमुख अमित जयरथ ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के मौजूदा दौर में व्यावसायिक कौशल, उद्योग जगत की समझ और बेहतर करियर की तैयारी बेहद जरूरी है। वहीं, प्रबंधन विभागाध्यक्ष गगनदीप सिंह ने विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता विकसित करने में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
बीबीए, बीसीए, एमबीए और बीटेक के विद्यार्थियों ने लिया भाग
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के जिला प्रचार प्रमुख पंकज सहोड़, सुरिंदर सिंह ठाकुर और इकबाल सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संगोष्ठी में बीबीए, बीसीए, एमबीए और बीटेक के विद्यार्थियों के साथ प्राध्यापकों ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम का समन्वय सुमन और प्रिया ने किया। आयोजन को सफल बनाने में दीक्षा, रितु जसवाल, नविता, सिमरन, काजल और गुरपाल सिंह ने सहयोग दिया। संगोष्ठी के समापन पर विद्यार्थियों से नवाचार और उद्यमिता को अपने करियर का हिस्सा बनाने तथा भारतीय उत्पादों को प्रोत्साहित कर देश के आर्थिक विकास में योगदान देने का आह्वान किया गया। केसी ग्रुप ने इस आयोजन के माध्यम से शिक्षा को व्यावहारिक कौशल, उद्यमशील सोच और राष्ट्रीय विकास से जोड़ने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
