सांसों की माला में पिरोया आध्यात्मिकता और संस्कृति का संदेश, ‘माइंडस्केप-मनन महोत्सव’ संपन्न

लखनऊ पब्लिक कॉलेज, राजाजीपुरम के वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने दीं प्रभावशाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

 
सांसों की माला में पिरोया आध्यात्मिकता और संस्कृति का संदेश, ‘माइंडस्केप-मनन महोत्सव’ संपन्न

लखनऊ डेस्क (आर.एल. पाण्डेय)। लखनऊ पब्लिक कॉलेज, ए ब्लॉक राजाजीपुरम का वार्षिकोत्सव ‘माइंडस्केप-मनन महोत्सव’ एस.पी. लाइसीयम परिसर, बी ब्लॉक में आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक चेतना के अनूठे संगम के रूप में आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने आध्यात्मिकता, मानवीय मूल्यों और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को केंद्र में रखकर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में डायरेक्टर नेहा सिंह ने कॉलेज के चेयरमैन एवं सांसद डॉ. एस.पी. सिंह का संबोधन पढ़कर सुनाया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में एडिटर-एट-लार्ज स्वाति श्रीवास्तव और शिक्षाविद मार्क बेटरिप सहित लखनऊ के विभिन्न विद्यालयों की प्रधानाचार्याएं उपस्थित रहीं।

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में ‘कबीर-वन ह्यूमैनिटी’, ‘इबादत’, ‘आनंदा’ और ‘डिल्यूजन ऑफ लिबर्टी’ सहित विभिन्न विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने आध्यात्मिक चेतना, मानवीय संवेदना, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन-दृष्टि का संदेश दिया।बच्चों द्वारा प्रस्तुत विलियम शेक्सपियर का प्रसिद्ध नाटक ‘जूलियस सीज़र’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों के अभिनय और प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा।

मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों का सम्मान

इस अवसर पर आईसीएसई बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। उनके अभिभावकों को शॉल और पौधे भेंट किए गए। वहीं, विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या भारती गोसाई ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभा, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और आध्यात्मिक संदेशों के माध्यम से शिक्षा के साथ जीवन मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया गया।

Tags