मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
मिल्कीपुर।क्षेत्रीय समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए मिल्कीपुर के विधायक चंद्रभानु पासवान ने शुक्रवार को परसौली स्थित अपने आवास पर जनसुनवाई आयोजित की। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व, पेंशन तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर विधायक चंद्रभानु पासवान ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, "जनसेवा मेरे लिए केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक पुनीत संकल्प है। जनता की हर आवाज़ महत्वपूर्ण है और प्रत्येक समस्या का समाधान सुनिश्चित करना हमारा लक्ष्य है।"
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मामले का गंभीरता से संज्ञान लेकर उसका प्रभावी समाधान कराया जाएगा।
