मिशन शक्ति 5.0 से महिलाओं में बढ़ेगी सुरक्षा और सम्मान की भावना : पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल
गोंडा। शारदीय नवरात्र से आरंभ हुआ मिशन शक्ति 5.0 प्रदेश की महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से आगे बढ़ रहा है। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के ललिता शास्त्री सभागार में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कहा कि मिशन शक्ति केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक व्यापक सामाजिक अभियान है। इसका मकसद है कि प्रदेश की हर बेटी सुरक्षित महसूस करे और उसे सम्मान मिले।
उन्होंने बताया कि पुलिस फुट पेट्रोलिंग को और मजबूत करेगी, अधिकारी फील्ड में उतरकर संवाद करेंगे और महिला पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्र में जाकर महिलाओं को अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी देंगी। उन्होंने कहा कि एंटी रोमियो स्क्वॉड को और सक्रिय बनाते हुए शोहदों पर ऐसी कार्रवाई होगी कि वे अपराध करने का साहस न कर सकें।

छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “आप निःसंकोच 1090 हेल्पलाइन का इस्तेमाल करें। यह आपकी सुरक्षा के लिए हमेशा उपलब्ध है।” कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रविंद्र कुमार ने कहा कि शिक्षा महिला सशक्तिकरण की सबसे मजबूत नींव है। शिक्षित महिला में आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की भावना स्वतः विकसित होती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। इस अवसर पर डॉ. चमन कौर ने मिशन शक्ति की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की और पुलिस पर आधारित कविता “मैं खाकी वर्दी वाला हूं, देश करखवाला हूं” सुनाकर सभी को प्रेरित किया।महाविद्यालय की मुख्य नियंता प्रो. अमन चंद्रा ने आगंतुक अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. ममता शुक्ला, डॉ. मुक्ता टंडन, डॉ. मनीषा पाल, पिंकी शुक्ला सहित अनेक छात्राओं ने सहभागिता की।
