अभिषेक मेमोरियल पार्क में ओपन जिम की स्थापना पर विधायक ओ. पी. श्रीवास्तव का किया गया सम्मान

MLA O.P. Srivastava felicitated for the installation of an open gym at Abhishek Memorial Park.
 
sbsb
लखनऊ। गोमतीनगर के विवेक खंड-3 एवं विवेक खंड-4 जनकल्याण समिति ने अभिषेक मेमोरियल पार्क में ओपन जिम की स्थापना कराए जाने पर लखनऊ पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओ. पी. श्रीवास्तव के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने उनके सम्मान में पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
समिति अध्यक्ष इंजीनियर वी. के. मिश्रा के विवेक खंड-4 स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक ओ. पी. श्रीवास्तव के साथ राजीव गांधी प्रथम वार्ड के पार्षद संजय सिंह राठौर भी उपस्थित रहे। समिति के अध्यक्ष इं. वी. के. मिश्रा, उपाध्यक्ष आलोक मिश्रा, कोषाध्यक्ष वी. के. पाण्डेय एवं अन्य पदाधिकारियों ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए विधायक का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि विधायक के प्रयासों से पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विवेक खंड-3 एवं 4 में विभिन्न स्थानों पर हाई मास्ट लाइटें स्थापित की जा रही हैं, जबकि अभिषेक मेमोरियल पार्क में ओपन जिम का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है।
समिति अध्यक्ष इं. वी. के. मिश्रा ने पार्क में पैदल पथ (पाथ-वे) के निर्माण, बाउंड्री वॉल की ऊंचाई बढ़ाने तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास की मांग विधायक के समक्ष रखी। वहीं पार्षद संजय सिंह राठौर ने विवेक खंड-3 और 4 के बीच स्थित सड़क के डिवाइडर के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की आवश्यकता पर बल दिया।


मांगों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विधायक ओ. पी. श्रीवास्तव ने नगर आयुक्त से दूरभाष पर बातचीत कर संबंधित अधिकारियों को डिवाइडर के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कुछ हाई मास्ट लाइटें पहले ही लगाई जा चुकी हैं और शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की अन्य लंबित समस्याओं का भी जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया।


इस अवसर पर पार्षद संजय सिंह राठौर, समिति अध्यक्ष इं. वी. के. मिश्रा, उपाध्यक्ष आलोक मिश्रा, सचिव रूप कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष वी. के. पाण्डेय, अर्जुन लाल केसरवानी, संतोष कुमार श्रीवास्तव, एस. के. मुखर्जी, भाजपा नगर कार्यालय सह मंत्री शैलेन्द्र राय "डब्बू" सहित समिति के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Tags