एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज बलरामपुर में भारत स्काउट एवं गाइड स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न
Bharat Scouts and Guides Foundation Day celebrations concluded at M.L.K. PG College, Balrampur.
Fri, 7 Nov 2025
उत्तर प्रदेश भारत स्काउट/गाइड के रोवर्स-रेंजर्स विंग द्वारा एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज, बलरामपुर के वाणिज्य संकाय प्रांगण में भारत स्काउट गाइड का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जनार्दन प्रसाद पाण्डेय ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य नियंता प्रोफेसर वीना सिंह उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय एवं मुख्य नियंता प्रो. वीना सिंह द्वारा लार्ड बेडेन पावेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद रोवर—रेंजर दल द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

रोवर्स प्रभारी डॉ. एस. के. त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि भारत में स्काउट्स एंड गाइड्स संगठन का स्थापना दिवस 7 नवम्बर 1950 को मनाया जाता है। इसी दिन बॉय स्काउट्स एसोसिएशन और हिंदुस्तान स्काउट एसोसिएशन के विलय के बाद भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का गठन हुआ था। लगभग एक वर्ष बाद 15 अगस्त 1951 को ऑल इंडिया गर्ल गाइड्स एसोसिएशन भी इस संगठन में सम्मिलित किया गया। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रथम राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. हृदयनाथ कुंजरू थे, जिन्होंने देश में स्काउटिंग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय ने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियाँ विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा एवं आत्मनिर्भरता जैसे गुणों का विकास करती हैं, जिससे युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना सुदृढ़ होती है।
विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर वीना सिंह मुख्य नियंता ने कहा कि स्काउट गाइड संगठन कठिन परिस्थितियों में स्वयं को तैयार करने की कला सिखाता है। ऐसे संगठन समाज को आपातकालीन एवं संकट स्थितियों में सहयोग देने की क्षमता विकसित करते हैं, अतः देश की आंतरिक एवं सामाजिक सुरक्षा में भी इसका महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है।
कार्यक्रम के अंत में रेंजर्स प्रभारी एवं जिला आयुक्त डॉ. वंदना सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अभय नाथ ठाकुर, बीबीए विभाग से असिस्टेंट प्रोफेसर श्री सिद्धार्थ मोहता, श्री प्रेम शंकर, श्री मंसाराम सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
