एमएलके पीजी कॉलेज की क्रिकेट टीम ने जीता रजत पदक, उपविजेता बन बढ़ाया महाविद्यालय का गौरव

MLK PG College’s cricket team won a silver medal, bringing pride to the college by finishing as runners-up.
 
fyuft

बलरामपुर, 26 अक्टूबर 2026। माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर की अंतर-महाविद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता में एमएलके पीजी कॉलेज, बलरामपुर की बालक वर्ग की क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में नंदिनी नगर महाविद्यालय के खिलाफ टीम ने बेहतरीन खेल भावना, संघर्ष और टीमवर्क का परिचय दिया। हालांकि खिताबी मुकाबले में जीत हासिल नहीं हो सकी, लेकिन उपविजेता बनकर टीम ने महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता का आयोजन 24 अक्टूबर 2026 को श्री रघुकुल महिला विद्यापीठ, गोंडा में शुरू हुआ था। टूर्नामेंट के दौरान एमएलके पीजी कॉलेज की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया।

फाइनल में 27 रन से मिली हार

फाइनल मुकाबले में नंदिनी नगर महाविद्यालय की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 183 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमएलके पीजी कॉलेज की टीम ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 156 रन बनाए। इस तरह टीम को 27 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर महाविद्यालय को रजत पदक हासिल हुआ।

क्वार्टर फाइनल में 65 रन से दर्ज की जीत

फाइनल तक पहुंचने के लिए एमएलके पीजी कॉलेज की टीम ने क्वार्टर फाइनल में सरयू डिग्री कॉलेज, कर्नलगंज को 65 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एमएलके की टीम ने असद रजा के 45 रन और आदित्य प्रताप सिंह के 41 रनों की महत्वपूर्ण पारियों की बदौलत 145 रन बनाए। जवाब में सरयू डिग्री कॉलेज की टीम 82 रनों पर ऑल आउट हो गई।

इसके बाद सेमीफाइनल में एमएलके पीजी कॉलेज ने केडीसी, बहराइच को दो विकेट से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। रोमांचक मुकाबले में विशाल, मोहम्मद इरफान सहित अन्य खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। टीम ने 14वें ओवर में दो विकेट शेष रहते जीत दर्ज कर अपनी प्रतिभा और जुझारूपन का परिचय दिया।

gy7u8y

प्राचार्य ने खिलाड़ियों को दी बधाई

टीम की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे. पी. पाण्डेय ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामूहिक प्रयास की भावना विकसित करती हैं। रजत पदक प्राप्त करना महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है और खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय है।मुख्य नियंता प्रो. वीणा सिंह ने टीम के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में समर्पण, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया, जो प्रशंसनीय है।

क्रीड़ा अध्यक्ष डॉ. बी. एल. गुप्ता और सह क्रीड़ा अध्यक्ष श्रीमती कृतिका तिवारी ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि टीम ने क्वार्टर फाइनल से लेकर फाइनल तक लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। खिताबी मुकाबले में जीत नहीं मिलने के बावजूद रजत पदक टीम की मेहनत, लगन और सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है।

डॉ. श्री नारायण सिंह के मार्गदर्शन तथा क्रीड़ा परिषद के सहयोग और प्रोत्साहन से टीम को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिला। क्रीड़ा परिषद ने भी इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।एमएलके पीजी कॉलेज की क्रिकेट टीम की इस सफलता पर महाविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।इस उपलब्धि की जानकारी एमएलके पीजी कॉलेज, बलरामपुर के मीडिया प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ. देवेंद्र कुमार चौहान ने दी।

Tags