उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु एमएलके पीजी कॉलेज की टीम ने किया विद्यालयों का भ्रमण
To create awareness about higher education, the team of MLK PG College visited schools.
Mon, 11 May 2026
बलरामपुर। उच्च शिक्षा संस्थानों में छात्र-छात्राओं के नामांकन को बढ़ाने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा निदेशक प्रयागराज के निर्देशन एवं एमएलके पीजी कॉलेज बलरामपुर के प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय द्वारा गठित प्राध्यापकों की टीम ने सोमवार को तहसील तुलसीपुर क्षेत्र के विभिन्न इंटरमीडिएट विद्यालयों का भ्रमण किया। इस दौरान टीम ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए उचित संस्थान एवं महत्वपूर्ण विषयों के चयन के प्रति जागरूक किया।

गठित टीम के समन्वयक एवं रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मोहिउद्दीन अंसारी, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन तथा भूगोल विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अजहरुद्दीन के नेतृत्व में टीम ने ललिया, मथुरा, शिवपुरा एवं महराजगंज तराई क्षेत्र के कई इंटरमीडिएट विद्यालयों का दौरा किया।

विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रो. मोहिउद्दीन अंसारी ने कहा कि उच्च शिक्षा के लिए सर्वप्रथम उचित संस्थान का चयन अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि सही चयन ही भविष्य के मार्ग को प्रशस्त करता है।
वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने स्नातक एवं परास्नातक के बाद नेट, जेआरएफ तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह नीति उच्च शिक्षा में 21वीं सदी की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यापक परिवर्तन ला रही है।
इसका उद्देश्य शिक्षा को लचीला, बहुविषयक एवं कौशल आधारित बनाना है। उन्होंने बताया कि नीति के तहत वर्ष 2035 तक उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात को 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा रटने की प्रवृत्ति के बजाय आलोचनात्मक सोच को बढ़ावा दिया जा रहा है।
डॉ. अजहरुद्दीन ने छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा की महत्ता बताते हुए उन्हें उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।
टीम ने तालुकदार सिंह इंटर कॉलेज, बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, पन्नालाल सरावगी किसान इंटरमीडिएट कॉलेज बजरडीह, राधा आदर्श बाल विद्या मंदिर, मोहनलाल रामलाल इंटरमीडिएट कॉलेज शिवपुरा, रामफल मेमोरियल इंटर कॉलेज महराजगंज तराई तथा रामशंकर भारतीय इंटर कॉलेज मथुरा बाजार सहित विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण किया।
