एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए फ्रेशर पार्टी
गीत-संगीत, नृत्य और विभिन्न गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
बलरामपुर। एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग में परास्नातक के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत एवं उत्साहवर्धन के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे. पी. पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में चीफ प्रॉक्टर डॉ. वीणा सिंह, डॉ. स्वदेश भट्ट, डॉ. सुनील शुक्ला, डॉ. कृतिका तिवारी, डॉ. वंदना सिंह तथा श्री राजर्षि मणि त्रिपाठी की उपस्थिति रही।
प्राचार्य प्रो. जे. पी. पाण्डेय ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं चीफ प्रॉक्टर डॉ. वीणा सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए मनोविज्ञान विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों के उत्साह की प्रशंसा की।
विभागीय शिक्षकों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालयीन जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच, आपसी सहयोग और शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां
फ्रेशर पार्टी के दौरान पुरातन एवं नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने विभिन्न परिचयात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया। गीत-संगीत, नृत्य और अन्य मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विभागीय वातावरण से परिचित कराने के साथ उनके बीच आत्मीयता, सहयोग और सौहार्दपूर्ण संबंध विकसित करना रहा। आयोजन से विद्यार्थियों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ।
अंत में विभागीय शिक्षकों ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत जीवन में सफलता और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
