मोबिक्विक ने वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में दर्ज किया अब तक का सर्वाधिक पीएटी और एबिटा

लगातार चौथी तिमाही में मुनाफा; कुल आय 302.8 करोड़ रुपये और प्लेटफॉर्म जीएमवी 59,677 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा

 
मोबिक्विक ने वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में दर्ज किया अब तक का सर्वाधिक पीएटी और एबिटा

लखनऊ। वन मोबिक्विक सिस्टम्स लिमिटेड ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे घोषित कर दिए हैं। कंपनी ने लगातार चौथी तिमाही में मुनाफा दर्ज करते हुए अब तक का सर्वाधिक तिमाही कर पश्चात लाभ (पीएटी) 11.8 करोड़ रुपये और एबिटा 22.7 करोड़ रुपये हासिल किया है। इस दौरान कंपनी की कुल आय 302.8 करोड़ रुपये रही।

कंपनी के प्लेटफॉर्म का ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (जीएमवी) 59,677 करोड़ रुपये के नए तिमाही रिकॉर्ड पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 35 प्रतिशत अधिक है। वहीं, वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में लेंडिंग वितरण सालाना आधार पर 34 प्रतिशत बढ़कर 1,082.6 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के अनुसार, जीएमवी में बढ़ोतरी और परिचालन मार्जिन में सुधार ने इस प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई है।

परिचालन राजस्व में 9 प्रतिशत की वृद्धि

वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में मोबिक्विक का परिचालन से राजस्व बढ़कर 295.7 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 9 प्रतिशत अधिक है। कंपनी का एबिटा वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में 6.4 करोड़ रुपये के घाटे में था, जो इस बार सुधरकर 22.7 करोड़ रुपये के मुनाफे पर पहुंच गया। कंपनी ने बताया कि उसके पीएटी और एबिटा दोनों अब तक के सर्वाधिक तिमाही स्तर पर रहे। मुख्य व्यावसायिक क्षेत्रों में वृद्धि और परिचालन दक्षता में सुधार से लगातार मुनाफे की स्थिति मजबूत हुई है।

लेंडिंग और मर्चेंट पेमेंट्स कारोबार में बढ़त

प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए मोबिक्विक के सह-संस्थापक, एमडी एवं सीईओ बिपिन प्रीत सिंह ने कहा, “वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही हमारी लगातार चौथी मुनाफे वाली तिमाही है, जो एक टिकाऊ बिजनेस बनाने की दिशा में हमारी तेज प्रगति को दर्शाती है। हमने लेंडिंग वितरण में 1,000 करोड़ रुपये का मील का पत्थर पार किया है और मर्चेंट पेमेंट्स में 150 प्रतिशत साल-दर-साल राजस्व वृद्धि दर्ज की है, जो हमारे बिजनेस के बढ़ते पैमाने को दर्शाता है।”

उन्होंने कहा कि कंपनी का मानना है कि एआई-फर्स्ट कंपनी के रूप में विकसित होने के साथ उसके बिजनेस मॉडल में ऑपरेटिंग लीवरेज और बढ़ेगा। लागत अनुकूलन और परिचालन दक्षता पर लगातार ध्यान देने से कंपनी का ऑपरेटिंग मॉडल मजबूत हो रहा है। उनके मुताबिक, कारोबार का विस्तार होने के साथ ये प्रयास मुनाफे को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे। कंपनी के ताजा नतीजे डिजिटल भुगतान, लेंडिंग और मर्चेंट पेमेंट्स जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कारोबार के विस्तार के साथ परिचालन दक्षता और लाभप्रदता पर उसके फोकस को दर्शाते हैं।

Tags