प्रयागराज कुंभ से चर्चा में आई मोनालिसा भोसले की शादी विवादों में, एक्टर फरमान खान पर POCSO के तहत केस दर्ज
केरल के मंदिर में हुई थी शादी
मोनालिसा भोसले और फरमान खान ने केरल के एक स्थानीय मंदिर में शादी की थी, जिसमें कुछ स्थानीय नेताओं और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी की बात भी सामने आई थी। मोनालिसा ने अपनी शादी से पहले आरोप लगाया था कि उन पर परिवार की ओर से चचेरे भाई से शादी करने का दबाव था, जिसे वह भाई मानती थीं। उन्होंने फरमान खान की तारीफ करते हुए कहा था कि मुश्किल घड़ी में उन्होंने ही उनका साथ दिया।
नाबालिग होने के दावे से बढ़ा विवाद
इस शादी के बाद विवाद तब गहरा गया जब मोनालिसा की उम्र को लेकर सवाल खड़े हुए। सोशल मीडिया पर जहां कुछ लोग इसे 'लव जिहाद' का मामला बता रहे हैं, वहीं मोनालिसा के परिवार ने बड़ा दावा किया है कि शादी के समय वह नाबालिग थीं। परिवार का आरोप है कि फरमान खान ने उन्हें बहला-फुसलाकर शादी के लिए राजी किया।
POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने हस्तक्षेप किया। आयोग की जांच के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि शादी के समय मोनालिसा नाबालिग थीं। इसी आधार पर अभिनेता फरमान खान के खिलाफ POCSO (Protection of Children from Sexual Offences) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
