मॉन्टफोर्ट इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव 2025: ‘द प्रिंस ऑफ इजिप्ट’ की भव्य प्रस्तुति ने मोहा मन

Montfort Inter College Annual Function 2025: A grand presentation of 'The Prince of Egypt' captivates the audience
 
Montfort Inter College Annual Function 2025: A grand presentation of 'The Prince of Egypt' captivates the audience

मॉन्टफोर्ट इंटर कॉलेज के विशाल प्रांगण में 21 नवंबर 2025 को आयोजित बहुप्रतीक्षित वार्षिकोत्सव “द प्रिंस ऑफ इजिप्ट” ने कला, संस्कृति और शिक्षा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। पूरे दिवस परिसर उत्साह, रचनात्मकता और छात्रों की अप्रतिम प्रतिभा का साक्षी बना।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री आशुतोष शुक्ला, स्टेट एडिटर, दैनिक जागरण, के आगमन पर पारंपरिक स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसने ज्ञान और सकारात्मकता का संदेश पूरे समारोह में प्रवाहित किया। इसके पश्चात कॉलेज की समूह गान मंडली द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना गीत और बाइबिल पाठ ने मंच पर एक पवित्र और शांत वातावरण स्थापित किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत एक आकर्षक स्वागत नृत्य से हुई। इसके बाद कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रदर जीनू अब्राहम ने मुख्य अतिथि सहित सभी सम्मानित आगंतुकों का अभिनंदन कर संस्थान की उपलब्धियों और शैक्षिक प्रगति पर प्रकाश डाला।शाम अनेक झकझोर देने वाली और ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुतियों से सजी रही। कॉलेज बैंड ‘लाइव एन लोडेड’ की धुनों ने सभागार में उत्साह का संचार किया, वहीं ‘बीट ब्लेंडर्स’ के प्रदर्शन ने दर्शकों को तालियों की गड़गड़ाहट पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम का सबसे बहुप्रतीक्षित और आकर्षक भाग था भव्य संगीतमय नाटक ‘द प्रिंस ऑफ इजिप्ट’, जिसमें विद्यार्थियों ने अद्भुत अभिनय, उत्कृष्ट निर्देशन और प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया कि गुलामी अमानवीय है और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाना आवश्यक है। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से झकझोर दिया और लंबे समय तक याद रहने वाला प्रभाव छोड़ा।इसके बाद क्वायर की मनमोहक प्रस्तुति ‘द नोट्स इन हार्मनी’ और ‘डांसेज ऑफ द डायस्पोरा’ के अंतर्गत विभिन्न नृत्य शैलियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने समारोह की सांस्कृतिक विविधता को और भी समृद्ध किया।

समापन सत्र में मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संबोधन दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन उप-प्रधानाचार्या श्रीमती नीना कैरन दास द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन और गौरवपूर्ण मॉन्टफोर्ट एंथम के सामूहिक गायन के साथ हुआ।यह वार्षिकोत्सव न केवल छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण था, बल्कि शिक्षकों, अभिभावकों एवं संस्थान के सामूहिक सहयोग की एक मिसाल भी रहा। कार्यक्रम ने सभी को एकजुट होकर विद्यालय की उपलब्धियों एवं समृद्ध परंपराओं का उत्सव मनाने का अवसर प्रदान किया।

Tags