नवोदय परिवार के मंच पर सम्मानित हुए 200 से अधिक सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारी, गुरु-शिष्य परंपरा आगे बढ़ाने का संकल्प

Over 200 retired teachers and staff members honored on the Navodaya Parivar platform; pledge taken to carry forward the Guru-Shishya tradition.
 
नवोदय परिवार के मंच पर सम्मानित हुए 200 से अधिक सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारी, गुरु-शिष्य परंपरा आगे बढ़ाने का संकल्प

लखनऊ, 13 सितंबर 2026। नवोदय परिवार की ओर से सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल डैमसन प्लम में द्वितीय नवोदय विद्यालय सेवानिवृत्त शिक्षक एवं कर्मचारी सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में देशभर के नवोदय विद्यालयों से जुड़े 200 से अधिक सेवानिवृत्त उपायुक्त, सहायक उपायुक्त, प्राचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

यह आयोजन केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नवोदय की गुरु-शिष्य परंपरा, संस्कार और देश-विदेश में फैले पूर्व छात्रों के आत्मीय जुड़ाव का मंच भी बना। कार्यक्रम में प्रशासन, पुलिस, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में कार्यरत अनेक पूर्व नवोदयन भी शामिल हुए।

दीप प्रज्वलन और नवोदय गीत से हुआ शुभारंभ

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद नवोदय के प्रेरणादायी गीत ‘हम नवयुग की नई भारती...’ का सामूहिक गायन किया गया। गणेश वंदना की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।

नृत्यांजलि फाउंडेशन की निदेशक रागिनी श्रीवास्तव के निर्देशन में पर्णिका श्रीवास्तव, निखिल कसौधन, कृति सिंह चौहान और अनुराधा दुबे ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। इसके अलावा बीबीएयू के विद्यार्थियों ने समूह गान, समूह नृत्य और एकल गान की प्रस्तुतियां देकर समारोह में रंग भर दिया।

गुरुजनों के योगदान को किया याद

वरिष्ठ शिक्षक एवं सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारी संयोजक जी.पी. मिश्रा, पूर्व उप-प्रधानाचार्य जेएनवी रायबरेली ने नवोदय की गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षकों के योगदान पर विचार रखे।

पूर्व उपायुक्त डॉ. उमेश चंद्र वाजपेई ने नवोदय विद्यालय की गौरवशाली यात्रा से जुड़े संस्मरण साझा किए। पूर्व प्राचार्य जे.एस. चौहान ने नवोदय विद्यालयों की स्थापना के उद्देश्य और उनकी मूल भावना पर प्रकाश डाला, जबकि पूर्व उपायुक्त एस. राम ने पूर्व विद्यार्थियों से जुड़े प्रेरक संस्मरण सुनाए।

समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठतम सम्मानित सदस्य एवं पूर्व पीजीटी हिंदी श्री दिनेश राय ने की।

पूर्व छात्रों ने बताया, जीवन में गुरुजनों का कितना योगदान

पूर्व छात्रों की ओर से उत्तर प्रदेश एटीएस के मुखिया एवं पुलिस महानिरीक्षक प्रेम कुमार गौतम (आईपीएस) ने अपने विचार साझा किए। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के सचिव सूर्यपाल गंगवार (आईएएस) ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अनुकरणीय प्रयास बताया।

लखनऊ के डीआईजी/जॉइंट कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर बबलू कुमार (आईपीएस) ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके जीवन में नवोदय विद्यालय और गुरुजनों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद विभाग, रणवीर प्रसाद (आईएएस) ने नवोदय की शिक्षक-विद्यार्थी परंपरा को विशिष्ट बताया। वहीं विशेष सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग जग प्रवेश (आईएएस) ने नवोदय से मिले संस्कार और अनुशासन को जीवन की महत्वपूर्ण पूंजी बताया।

नवोदय फैमिली वर्ल्डवाइड के अध्यक्ष सीताराम नारोलिया ने दुनिया के विभिन्न हिस्सों में फैले नवोदयन को जोड़ने के अपने प्रयासों और अनुभवों को साझा किया।

बड़ी संख्या में पूर्व छात्रों ने लिया हिस्सा

समारोह में प्रशासनिक एवं पुलिस सेवाओं के अलावा शिक्षा, चिकित्सा, कॉरपोरेट और सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत अनेक पूर्व छात्र शामिल हुए। इनमें प्रशांत कुमार (आईएएस), रईस अख्तर (आईपीएस), विजय कुमार, अमोल मुकुट (आईपीएस), विकास पांडेय, अनुराग सिंह, अनिल सागर, जयप्रकाश सिंह, राघवेंद्र त्रिपाठी, शालिनी तिवारी, डॉ. वीरेंद्र प्रसाद, डॉ. मधुसूदन मिश्रा, रविंद्र देव उपाध्याय, श्रीकांत मिश्रा, विवेक तिवारी, विश्वभूषण मिश्रा, डॉ. पंकज कुमार सिंह, प्रवीण यादव सहित अनेक पूर्व नवोदयन उपस्थित रहे।

नवोदय विद्यालय समिति लखनऊ की वर्तमान उपायुक्त संगीता जायसवाल और सहायक उपायुक्त सुमन कुमार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके कुछ पूर्व छात्रों ने वीडियो संदेशों के माध्यम से अपनी भावनाएं साझा कीं। इनमें कृष्ण कुमार यादव, पोस्ट मास्टर जनरल, अहमदाबाद, रणविजय वर्मा, महाप्रबंधक, भारतीय रेलवे, नई दिल्ली तथा वरिष्ठ रेलवे अधिकारी डॉ. स्वामी प्रकाश पांडेय प्रमुख रहे।

नवोदय की गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प

आयोजन समिति के सदस्य वेद प्रकाश राय ने स्वागत भाषण में देश-विदेश से आए नवोदय परिवार के सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य केवल सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों का सम्मान करना नहीं है, बल्कि नवोदय की गुरु-शिष्य परंपरा को जीवंत रखना और वर्तमान पीढ़ी तक संस्थान के संस्कार पहुंचाना भी है।

उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों को एक मंच पर जोड़कर गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना नवोदय परिवार की निरंतर पहल का हिस्सा है।

समारोह के अंत में नवोदयन साथियों ने संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और व्यापक बनाया जाएगा। साथ ही वर्तमान में अध्ययनरत नवोदय विद्यार्थियों के बीच संस्कार, अनुशासन, गुरु-शिष्य संबंध और पूर्व छात्रों के मार्गदर्शन को और मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम का संचालन बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ की आईटी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. राजश्री पांडेय और सशस्त्र सीमा बल के डिप्टी कमांडेंट अवनीश चौबे ने किया। धन्यवाद ज्ञापन बॉम्बे हॉट नमकीन के प्रबंध निदेशक अनिल दीप आनंद ने किया।

बीबीएयू के आईटी, बीटेक, योग और रसायन विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वेद प्रकाश राय, प्रज्ञा पांडेय, अनिल दीप आनंद, श्रीकांत मिश्रा, डॉ. राजश्री पांडेय, हरिशंकर गुप्ता, डॉ. नित्या वर्मा, डॉ. अनुराग मिश्रा सहित आयोजन समिति के सदस्यों और पूर्व छात्रों का विशेष सहयोग रहा।

समारोह ने यह संदेश दिया कि नवोदय विद्यालय केवल शिक्षा का संस्थान नहीं, बल्कि गुरुजनों के संस्कार, अनुशासन और मार्गदर्शन से जुड़ा एक ऐसा परिवार है, जिसकी आत्मीयता वर्षों बाद भी पूर्व विद्यार्थियों और शिक्षकों को एक मंच पर जोड़ती है।

Tags