ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल
A young man riding a bike died in a collision with a truck, an old man seriously injured
Fri, 28 Nov 2025
हरदोई (अम्बरीष कुमार सक्सेना)। सवायजपुर–हरपालपुर मार्ग पर शेखपुर मोड़ के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक की जोरदार टक्कर से दोनों के पैर कटकर करीब 20 मीटर दूर जा गिरे। राहगीरों की सूचना पर एम्बुलेंस कर्मी ईएमटी आनंद कुमार और पायलट स्वदेश मौके पर पहुँचे और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर पहुंचाया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर दोनों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि वृद्ध घायल का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतक और घायल की पहचान
थाना सवायजपुर क्षेत्र के बरसोहिया गांव निवासी मनमोहन (25 वर्ष) खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। गुरुवार रात वह अपने परिचित परमेश्वर के साथ उसकी बाइक लेकर कनकापुर दावत में गया था। घर लौटते समय शेखपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में सीधे टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों के एक-एक पैर कटकर दूर जा गिरे। हादसे ने मौके पर मौजूद लोगों को दहशत में डाल दिया। ग्रामीणों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
