मोटुल इंडिया ने अयोध्या में लगाया स्वास्थ्य शिविर, 205 लोगों को मिला लाभ
‘सेहत की समृद्धि’ पहल के तहत ऑटो मैकेनिकों और उनके परिवारों तक पहुंचाई जा रहीं निवारक स्वास्थ्य सेवाएं
अयोध्या। प्रीमियम इंजन ऑयल और औद्योगिक लुब्रिकेंट बनाने वाली प्रमुख कंपनी मोटुल इंडिया ने अपनी देशव्यापी स्वास्थ्य पहल ‘सेहत की समृद्धि’ के तहत अयोध्या में हेल्थ कैंप का आयोजन किया। इस शिविर में करीब 205 लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला, जबकि 100 से अधिक हेल्थ किट वितरित की गईं।
कंपनी की इस पहल के तहत देश के 27 जिलों में कुल 108 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से देशभर में 21,000 से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसका मुख्य उद्देश्य ऑटोमोटिव क्षेत्र से जुड़े लोगों, विशेषकर ऑटो मैकेनिकों और उनके परिवारों को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मोटुल इंडिया और साउथ एशिया के सीईओ नागेंद्र पई ने कहा कि ‘सेहत की समृद्धि’ इस सोच पर आधारित है कि भारत के ऑटोमोटिव उद्योग को आगे बढ़ाने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस पहल का दायरा लगातार बढ़ रहा है। कंपनी को खुशी है कि वह अयोध्या में ऑटो मैकेनिकों और उनके परिवारों तक सीधे निवारक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रही है।
जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर
स्माइल फाउंडेशन के सह-संस्थापक सांतनु मिश्रा ने कहा कि ‘सेहत की समृद्धि’ कॉरपोरेट प्रतिबद्धता और जमीनी जरूरतों के बीच समन्वय का उदाहरण है। उनके मुताबिक, ऑटो मैकेनिक रोजाना काम के दौरान कई तरह के स्वास्थ्य जोखिमों का सामना करते हैं, लेकिन अक्सर शुरुआती लक्षणों पर ध्यान नहीं दिया जाता और समस्या गंभीर होने के बाद ही उपचार कराया जाता है।
उन्होंने कहा कि डॉक्टरों से परामर्श, स्वास्थ्य जांच और डायग्नोस्टिक सुविधाएं सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाकर यह पहल समय रहते स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान और निवारक देखभाल को प्रोत्साहित कर रही है।
शिविर में जांच, परामर्श और दवाओं की सुविधा
प्रत्येक हेल्थ कैंप में डॉक्टरों से परामर्श, ब्लड शुगर और हीमोग्लोबिन की जांच, आवश्यक दवाइयां तथा फर्स्ट-एड किट उपलब्ध कराई जाती हैं। शिविरों के संचालन में मोटुल इंडिया के स्थानीय कर्मचारी और डिस्ट्रीब्यूटर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे लाभार्थियों के पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच और कैंप की व्यवस्थाओं में सहयोग करते हैं।
कंपनी के अनुसार, वर्ष 2024 से अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 18,300 से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा चुकी हैं। ‘सेहत की समृद्धि’ अभियान के तहत दिसंबर 2026 तक देश के अन्य समुदायों तक भी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का सिलसिला जारी रहेगा।
