अखिल भारतीय कायस्थ महासभा और मेदांता अस्पताल के बीच एमओयू, सदस्यों को इलाज व जांच में मिलेगी विशेष छूट
मेदांता अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुमार श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त आईपीएस और महासभा के महामंत्री ज्ञान प्रकाश अस्थाना की मौजूदगी में एमओयू से संबंधित प्रक्रिया पूरी की गई। मेदांता की ओर से वरिष्ठ चिकित्सकों ने भी इसमें भाग लिया।
कार्यक्रम में महासभा की विभिन्न इकाइयों और प्रदेश कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। इस अवसर पर मेदांता अस्पताल की ओर से हार्ट एवं ऑर्थो टॉक मीटिंग का भी आयोजन किया गया।
हृदय रोगों से बचाव पर डॉक्टर गणेश सिंह ने दी जानकारी
मेदांता के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. गणेश सिंह ने हृदय संबंधी बीमारियों के कारणों, जोखिम कारकों और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली, खान-पान में लापरवाही और स्वास्थ्य संबंधी अनदेखी के कारण हृदय रोगों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने लोगों से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी।
हड्डियों और जोड़ों की समस्याओं पर भी हुई चर्चा
मेदांता के ऑर्थोपेडिक्स विभाग के निदेशक डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी बीमारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने चित्रों और उदाहरणों के माध्यम से विभिन्न ऑर्थोपेडिक समस्याओं, उनके कारणों और सावधानियों को समझाया। उन्होंने हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने पर जोर दिया।
सदस्यों को मिलेगा विशेष हेल्थ कार्ड
एमओयू के तहत महासभा से जुड़े सदस्यों को मेदांता का विशेष आईडी कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। इस कार्ड के माध्यम से सदस्य और उनके परिवार के लोग भविष्य में अस्पताल में उपचार और जांच की सुविधाओं का लाभ विशेष शर्तों के अनुसार उठा सकेंगे। महासभा के अनुसार, पैथोलॉजी जांच और भर्ती के दौरान रूम रेंट में भी निर्धारित छूट उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम के दौरान एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि से इसका स्वागत किया। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि इस समझौते का उद्देश्य संगठन से जुड़े सदस्यों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में महासभा के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा मेदांता अस्पताल के चिकित्सकों की मौजूदगी रही।



