इंडियन बैंक एवं प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय, उत्तर प्रदेश के मध्य वेतन खाता सुविधा हेतु एमओयू पर हस्ताक्षर
लखनऊ। प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय, उत्तर प्रदेश के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक, सुरक्षित और लाभकारी बैंकिंग सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए इंडियन बैंक एवं प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय, उत्तर प्रदेश के मध्य वेतन खाता सुविधा प्रदान किए जाने हेतु समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौता ज्ञापन के अंतर्गत इंडियन बैंक द्वारा निदेशालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए वेतन खाते खोले जाने पर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के व्यापक बीमा एवं वित्तीय सुरक्षा से युक्त अनेक विशेष लाभ प्रदान किए जाएंगे।
पाँच वेरिएंट्स में उपलब्ध होगी वेतन खाता सुविधा
इंडियन बैंक द्वारा वेतन खातों के पाँच विभिन्न वेरिएंट्स उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके अंतर्गत खाताधारकों को—
-
निःशुल्क व्यक्तिगत बीमा कवर
-
जीवनसाथी हेतु निःशुल्क बीमा
-
पुत्री के विवाह एवं बच्चों की उच्च शिक्षा से संबंधित विशेष बीमा एवं वित्तीय सुरक्षा लाभ
प्रदान किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त खाताधारकों को—
-
व्यक्तिगत ऋण, वाहन ऋण एवं गृह ऋण पर रियायती ब्याज दर
-
पात्रता अनुसार ओवरड्राफ्ट सुविधा
-
निःशुल्क एटीएम/डेबिट कार्ड
-
इंटरनेट एवं मोबाइल बैंकिंग
-
डिजिटल भुगतान सेवाओं
का भी लाभ मिलेगा।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ एमओयू का आदान-प्रदान
समझौता ज्ञापन का औपचारिक आदान-प्रदान प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय भवन स्थित सभागार में निदेशालय के निदेशक श्री अभिषेक सिंह एवं इंडियन बैंक के मुख्य महाप्रबंधक, लखनऊ श्री सुधीर कुमार गुप्ता के मध्य संपन्न हुआ।
इस अवसर पर दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए वेतन खाता सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया तथा इसे कर्मचारी कल्याण और उन्नत बैंकिंग सेवाओं की दिशा में एक सराहनीय एवं दूरदर्शी पहल बताया।
कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख लोग उपस्थित
कार्यक्रम में निदेशालय की ओर से अपर निदेशक श्री मानपाल सिंह एवं श्री राजेन्द्र प्रसाद तथा इंडियन बैंक की ओर से अंचल प्रबंधक, लखनऊ श्री पंकज कुमार सिंह सहित विभिन्न अंचल कार्यालयों के वरिष्ठ अधिकारी, निदेशालय के विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।
