हरियाली की ओर बढ़ता कदम, भारतीय एकता समिति ने शुरू किया वृक्षारोपण अभियान
लखनऊ। पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से भारतीय एकता समिति ने अपने वार्षिक वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत कर दी है। समिति की ओर से हर वर्ष वर्षा ऋतु में फूल एवं फलदार पौधों का रोपण कर हरित वातावरण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाता है।
इस वर्ष अभियान के तहत ट्रांस गोमती क्षेत्र के चार स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें गोमती नगर विस्तार सेक्टर-6 और खुशी ग्रीन लॉन, मल्हौर रोड, चिनहट में पौधरोपण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। आने वाले दिनों में अन्य निर्धारित स्थानों पर भी अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
पौधे लगाने के साथ संरक्षण का संकल्प
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों और उपस्थित लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के फूल एवं फलदार पौधे लगाए। इस अवसर पर सभी ने केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहने, बल्कि उनके नियमित संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का भी संकल्प लिया।
समिति के सदस्यों ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों को पेड़ बनने तक सुरक्षित रखा जाए। इसी भावना के साथ उन्होंने इन पौधों की देखभाल के लिए जीवनभर तन, मन और धन से सहयोग करने का संकल्प दोहराया।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में भारतीय एकता समिति के अध्यक्ष रविंद्र सिंह बिष्ट, आरोह वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक शरद महरोत्रा, जयश्री आरसीएम वंडर वर्ल्ड की अध्यक्ष जय श्री सिंह, लोक भारती के आशुतोष अवधवाल, पूर्व ग्राम प्रधान मखदूमपुर एवं जुरखान पुरवा देवेश यादव, खुशी ग्रीन लॉन के अध्यक्ष बलदेव शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा हरपाल सिंह गढ़िया, नवीन सिंह बिष्ट, अश्विनी श्रीवास्तव, अनामिका बिष्ट, यशपाल सिंह, अभिषेक वर्मा, नीरज पटेल और दिलीप श्रीवास्तव समेत अनेक प्रबुद्ध नागरिकों ने भी पौधरोपण में सहभागिता की।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो शहरों में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार किया जा सकता है।
भारतीय एकता समिति का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत कर रहा है।
